DSP संतोष पटेल होंगे ACP भोपाल कोतवाली
DSP संतोष पटेल होंगे ACP भोपाल कोतवाली, ट्रांसफर से पहले पत्नी ने लिखा था मेरे जैसी कई पत्नियां कर रही इंतजार
परिवार बिखर रहा है...DSP संतोष कुमार पटेल की पत्नी की इस भावुक पोस्ट के अगले ही दिन MP सरकार ने किया तबादला डीएसपी संतोष कुमार पटेल (2018 बैच) को भोपाल कोतवाली का नया एसीपी बनाया गया है। ट्रांसफर से ठीक पहले उनकी पत्नी रोशनी पटेल द्वारा सोशल मीडिया पर परिवार की दिक्कतों और पति के ट्रांसफर को लेकर की गई एक भावुक अपील खूब वायरल हुई थी, जिसके तुरंत बाद यह आदेश जारी हुआ। मध्य प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल करते हुए IPS और SPS संवर्ग के 65 अधिकारियों के तबादले किए हैं।
डीएसपी संतोष कुमार पटेल अब पुलिस कमिश्नरेट भोपाल में सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) कोतवाली होंगे। वह जल्द ही अपने नए पद पर जॉइन करने वाले हैं। इससे पहले वह हॉकफोर्स, बालाघाट में सहायक सेनानी के पद पर तैनात थे, जहां से उनका ट्रांसफर भोपाल हुआ है। मध्य प्रदेश पुलिस सेवा के वर्ष 2018 बैच के इस पुलिस अधिकारी के तबादले के मौके पर उनकी पत्नी रोशनी पटेल की एक भावुक अपील भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। इत्तेफाक से उस पोस्ट के कुछ समय बाद ही संतोष कुमार पटेल का ट्रांसफर ऑर्डर भी जारी हो गया।
भोपाल कोतवाली में बतौर एसीपी उनके पास तीन महत्वपूर्ण पुलिस थानों श्यामला हिल्स, तलैया और कोतवाली क्षेत्र में कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी। भोपाल शहर में उनकी पुलिस सेवा की यह पहली पोस्टिंग है। संतोष पटेल ने ट्रांसफर के बाद सोशल मीडिया पर अपने मां के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि ''कोई ख़ुशी हो या बदलाव हो शुरुआत अम्मा के चरणों से ही होती है। कल रात ट्रांसफर की लिस्ट आई अम्मा सो रही थी निमंत्रण से लौटे, अम्मा को बताया तो नींद से उठकर मुस्कुराने लगी। बालाघाट बहुत शानदार और सुंदर जिला है अब भोपाल राजधानी का भी अनुभव मिलेगा।
संतोष कुमार पटेल मूल रूप से मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ अंतर्गत देवगांव के रहने वाले हैं। 29 नवंबर 2021 को उनकी शादी रोशनी पटेल से हुई थी। शादी के बाद देवी पूजन की परंपरा निभाने के लिए संतोष पटेल अपनी दुल्हन को साइकिल पर बैठाकर निकले थे, जिसकी तस्वीरें भी खूब चर्चा में रही थीं।
DSP Santosh Patel की पत्नी ने सोशल मीडिया पर लगाई थी ट्रांसफर की गुहार

अब संतोष पटेल की पत्नी ने सोशल मीडिया पर दो पोस्ट लिखी हैं एक पति के ट्रांसफर से पहले और दूसरी ट्रांसफर होने के बाद. पहली पोस्ट में रोशनी पटेल ने लिखा था कि "बालाघाट के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में नियम है कि वहां एक साल की ड्यूटी होगी, लेकिन मेरे पतिदेव को ड्यूटी करते हुए एक साल पांच महीने हो चुके हैं. अभी तक ट्रांसफर की कोई सूचना नहीं आई है। बच्चों की पढ़ाई का समय आ गया है और स्कूल में एडमिशन करवाना है मां बीमार रहती हैं, समय पर उनकी दवाइयां नहीं हो पाती हैं। मेरे जैसी कई पत्नियां इंतजार कर रही हैं कि वे अपने परिवार के साथ रह सकें। सरकार से निवेदन है कि जल्द से जल्द ट्रांसफर किया जाए।
रोशनी पटेल की दूसरी पोस्ट

दूसरी पोस्ट रोशनी पटेल ने पति का ट्रांसफर आदेश जारी होने के बाद लिखी इसमें उन्होंने हनुमान मंदिर में पति की तस्वीर और तबादला आदेश की कॉपी शेयर करते हुए लिखा कि "आज शनिवार है और प्रदोष व्रत भी था। हनुमान जी और महादेव दोनों की कृपा से पतिदेव का ट्रांसफर बालाघाट से ACP भोपाल कोतवाली के लिए हो गया है। मैं कभी भोपाल तो नहीं गई, लेकिन सुना है कि वहां के लोग और माहौल दोनों बहुत सुकून और शीतलता देने वाले हैं। अभी तक सिर्फ गांव-देहात की नौकरी की थी, पहली बार बड़े शहर में आ रहे हैं। सभी की दुआओं के लिए धन्यवाद।

