सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में चोरी, 11- 11 किलो के दो घंटे ले उड़े चोर

सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में चोरी, 11- 11 किलो के दो घंटे ले उड़े चोर,उचेहरा थाना क्षेत्र में सप्ताह भर में मंदिर में दूसरी वारदात 

सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में चोरी, 11- 11 किलो के दो घंटे ले उड़े चोर

सतना: नागौद विधानसभा के उचेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोबरांव कला स्थित प्राचीन एवं क्षेत्र की आस्था के प्रमुख केंद्र सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर परिसर में लगे लगभग 11-11 किलोग्राम वजनी 2 ऐतिहासिक पीतल के घंटे चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में आक्रोश फैल गया तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मंदिर परिसर में एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह जब मंदिर के मुख्य पुजारी एवं ग्रामीण नियमित पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो दोनों घंटे गायब मिले। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पवित्र शिवलिंग के साथ असम्मानजनक कृत्य किया गया है, जिससे

क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र सिद्धेश्वर नाथ मंदिर ।

चोरों ने मंदिर से गायब किया घंटा ।

श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं।

मामले की सूचना मिलते ही उचेहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है। उल्लेखनीय है कि उचेहरा थाना क्षेत्र में महज एक सप्ताह के भीतर मंदिर को निशाना बनाकर चोरी की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले रामपुर पाठा स्थित नीलकंठ मंदिर से भगवान की चांदी की बांसुरी, चांदी के सिक्के सहित अन्य कीमती सामान चोरी हुआ था। लगातार दूसरी वारदात ने क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भय एवं आक्रोश का माहौल है और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग लगातार तेज होती जा रही है।

11-11 किलोग्राम वजनी 2 ऐतिहासिक पीतल के घंटे चोरी ।