VB–G रामजी जनजागरण अभियान: BJP कार्यालय में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला, CM बोले- नरेगा पर झूठ का अभियान चला रही है कांग्रेस
भोपाल में भाजपा कार्यालय में VB–G रामजी जनजागरण अभियान को लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा सहित प्रदेश संगठन के पदाधिकारी और प्रदेशभर से मोर्चा पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यशाला को संबोधित करते हुए सीएम ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
भोपाल। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित VB–G रामजी जनजागरण अभियान की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने नरेगा (राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना) को लेकर देशभर में झूठ फैलाने का अभियान चलाया है और राजनीतिक लाभ के लिए महापुरुषों के नामों का दुरुपयोग किया है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की यह पुरानी आदत रही है कि वह सत्ता और वोट के लिए महात्मा गांधी जैसे महापुरुषों के नाम का सहारा लेती है।
कार्यशाला में प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, प्रदेश संगठन पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और जिला टोली के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रदेश भर से भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी इस कार्यशाला में शामिल होने भोपाल पहुंचे।
नरेगा को लेकर कांग्रेस पर आरोप
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि ग्रामीण रोजगार के उद्देश्य से शुरू की गई योजना को कांग्रेस ने चुनावी फायदे के लिए महात्मा गांधी के नाम से जोड़ दिया। उन्होंने कहा, “नरेगा को महात्मा गांधी के नाम से जोड़कर कांग्रेस ने देश में भ्रम फैलाया। यह सच्चाई से कोसों दूर है। जनता समय-समय पर कांग्रेस के इस झूठ का जवाब देती रही है।” सीएम ने कहा कि गांधी जी के नाम का राजनीतिक उपयोग करना कांग्रेस की परंपरा बन चुकी है।
उन्होंने सवाल उठाया कि महात्मा गांधी के असली उत्तराधिकारी कौन हैं और आज उनके विचारों को कौन अपनाता है। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि गांधी परिवार महात्मा गांधी का सच्चा उत्तराधिकारी बनने का ढोंग करता है, जबकि गांधी जी के मूल विचारों से उनका कोई लेना-देना नहीं है।
राम और गांधी पर कांग्रेस को घेरा
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भगवान राम के नाम को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “भगवान राम का नाम आते ही कांग्रेस को बुखार आ जाता है।” उन्होंने याद दिलाया कि अयोध्या राम जन्मभूमि मंदिर के भूमि पूजन के ऐतिहासिक अवसर पर कांग्रेस का कोई बड़ा नेता मौजूद नहीं था। मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि गांधी परिवार का कोई भी सदस्य आज तक अयोध्या राम मंदिर क्यों नहीं गया।
सीएम ने कहा कि जब राम जन्मभूमि मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन था, तब कांग्रेस के कई नेताओं ने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले को मुस्लिम पक्षकारों ने भी स्वीकार किया और वे भूमि पूजन में शामिल हुए, लेकिन कांग्रेस के नेता उस ऐतिहासिक क्षण से दूर रहे।
“नकली गांधी” पर तंज
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस नेताओं को “नकली गांधी” बताते हुए कहा कि एक तरफ गांधी बनने का ढोंग किया जाता है और दूसरी तरफ भगवान राम को नहीं माना जाता। उन्होंने कहा कि ऐसे में लोकतंत्र की बात करना कांग्रेस के लिए शोभा नहीं देता। सीएम ने कहा कि हमारा लोकतंत्र स्वामी विवेकानंद से लेकर अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक की विचारधारा से गौरवान्वित होता है।
VB–G रामजी जनजागरण अभियान का उद्देश्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि VB–G रामजी जनजागरण अभियान का उद्देश्य ग्रामोदय से अभ्युदय की सोच को जन-जन तक पहुंचाना है। यह अभियान गांव, किसान, संस्कृति और भारतीय मूल्यों को केंद्र में रखकर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कांग्रेस की “झूठ और भ्रम की राजनीति” को उजागर करें और सरकार के विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाएं।
2026 किसान कल्याण वर्ष पर जोर
सीएम ने कहा कि वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है और सरकार की प्राथमिकता गांव, किसान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि ‘जय राम जी’ के मंत्र के साथ यह अभियान सामाजिक एकता और विकास की दिशा में नया अध्याय लिखेगा।
कांग्रेस का पलटवार
इधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपना काम ठीक से नहीं कर पा रहे हैं और उन्हें आश्रम जाकर आत्मचिंतन करना चाहिए। पटवारी ने सीएम के बयानों को उनके व्यक्तित्व को गिराने वाला बताया और उन्हें “फर्जी किसान पुत्र” तक कह दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि विज्ञापनों के जरिए खुद को किसान पुत्र बताना सिर्फ प्रचार है।
Varsha Shrivastava 
