मऊगंज में बारिश से जलभराव, कमिश्नर-कलेक्टर ने किया निरीक्षण, 3 मजदूर रेस्क्यू

मऊगंज में लगातार बारिश और जलभराव के बीच कमिश्नर शीलेंद्र सिंह व कलेक्टर संजय कुमार जैन ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अष्टभुजी मंदिर के पास फंसे 3 मजदूरों को SDRF ने रेस्क्यू किया।

मऊगंज में बारिश से जलभराव, कमिश्नर-कलेक्टर ने किया निरीक्षण, 3 मजदूर रेस्क्यू

राजेंद्र पयासी मऊगंज

मऊगंज। जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह और कलेक्टर संजय कुमार जैन ने अधिकारियों के साथ वर्षा प्रभावित गांवों और जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मौके पर राहत और बचाव कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए प्रभावित परिवारों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

लगातार बारिश के कारण नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर की सूचना मिलते ही कमिश्नर और कलेक्टर ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा शुरू किया। नईगढ़ी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति का निरीक्षण करते हुए कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य में देरी नहीं करने को कहा।

प्रभावित परिवारों की सुरक्षा प्राथमिकता

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने कहा कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को स्कूल, पंचायत भवन और आंगनवाड़ी केंद्रों को आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित आश्रय स्थल के रूप में तैयार रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही राहत शिविरों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने को भी कहा गया।

अष्टभुजी मंदिर के पास फंसे तीन मजदूरों का रेस्क्यू

नईगढ़ी थाना क्षेत्र के अष्टभुजी मंदिर के पास निर्माणाधीन पानी फिल्टर प्लांट में तेज बहाव के कारण तीन मजदूर फंस गए। इसकी सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।रेस्क्यू के बाद कमिश्नर और कलेक्टर ने मजदूरों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को मजदूरों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

ग्रामीणों से किया संवाद

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर और कलेक्टर ने विभिन्न गांवों में ग्रामीणों से संवाद कर बारिश, जलभराव और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कहा कि नदी-नालों के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में नागरिक नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से बचें। उन्होंने अधिकारियों को जलस्तर की लगातार निगरानी करने और ग्रामीणों को समय-समय पर स्थिति की जानकारी देने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि घबराने की आवश्यकता नहीं है। प्रशासन पूरी तरह तैयार है। किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ राहत और बचाव के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

वर्षा प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन, पुलिस और बचाव दल लगातार निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने और आवश्यकता के अनुसार प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।निरीक्षण के दौरान एसडीएम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम, सीईओ, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 निर्माणाधीन वाटर फिल्टर प्लांट में बाढ़ के कारण फंसे तीनों व्यक्तियों को एसडीआरएफ टीम द्वारा रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला गया।