मऊगंज : हाईवे पर गुंडागर्दी! शराब के लिए वसूली न देने पर ट्रक- कार में तोड़फोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार
Mauganj News : आरोपियों ने अश्लील गालियां और जान से मारने की धमकी देते हुए पत्थर-डंडों से कार के पिछले और साइड के शीशे व बोनट तोड़ दिया।
Mauganj News : रिपोर्टर राजेंद्र पयासी @ मध्य प्रदेश। मऊगंज के नईगढ़ी थाना क्षेत्र में स्टेट हाईवे पर बंधक बनाकर अवैध वसूली करने वाले गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। कटरा-मऊगंज रोड पर ग्राम महेवा भीर मोड़ के पास ट्रक चालकों को रोककर शराब के लिए पैसे मांगने और न देने पर मारपीट व वाहनों में तोड़फोड़ करने वाले 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार घटना 23 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे की है। फरियादी अनवारूल हक निवासी सुंदर पुरवा मऊगंज अपनी अर्टिगा कार एमपी 17 जेडपी 5292 से प्रयागराज से रिश्तेदारों को लेकर पहाड़ी गांव जा रहे थे।
महेवा के पास भीर मोड़ पर उन्होंने देखा कि दो ट्रेलर एमपी 19 जेडटी 1106 और एमपी 19 जेडएस 5249 तथा एक ट्रक रोड पर आड़ा खड़ा कर 4-5 युवक ट्रक ड्राइवरों से लाठी-डंडे से मारपीट कर रहे थे।

जब फरियादी ने गाड़ी निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनकी कार रोक ली, कॉलर पकड़कर शराब के लिए रुपये मांगे। विरोध करने पर अश्लील गालियां और जान से मारने की धमकी देते हुए पत्थर-डंडों से कार के पिछले और साइड के शीशे व बोनट तोड़ दिया। फरियादी किसी तरह जान बचाकर भागा और थाना नईगढ़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन में थाना प्रभारी पीडी सोनवंशी और चौकी प्रभारी भीर अनन्त विजय सिंह की टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियी रामलखन कोल उर्फ बाबा, संदीप प्रजापति, शिवकुमार साकेत उर्फ सोनू, रावेन्द्र प्रजापति और महेश यादव उर्फ पंडा, सभी निवासी ग्राम महेवा थाना नईगढ़ी जिला मऊगंज को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

