प्राचार्य के तबादले पर छात्रों ने फोड़े पटाखे, बांटी मिठाई

इंदौर के देपालपुर में प्राचार्य के तबादले पर छात्रों ने स्कूल के बाहर पटाखे फोड़कर और मिठाई बांटकर खुशी जताई। मामला सीएम हेल्पलाइन पर की गई शिकायत और वायरल ऑडियो के बाद चर्चा में आया था।

प्राचार्य के तबादले पर छात्रों ने फोड़े पटाखे, बांटी मिठाई

इंदौर। देपालपुर स्थित शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्य सपना भदौरिया का देवास तबादला होने के बाद विद्यार्थियों ने अनोखे अंदाज में खुशी मनाई। तबादले की जानकारी मिलते ही स्कूल के मुख्य गेट के बाहर छात्र-छात्राओं की भीड़ जमा हो गई। विद्यार्थियों ने पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई।

CM हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद बढ़ा था विवाद

बताया जा रहा है कि स्कूल में माइग्रेशन सर्टिफिकेट को लेकर एक छात्र और प्राचार्य के बीच विवाद हुआ था। सर्टिफिकेट मिलने में परेशानी के बाद छात्र ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत की थी। इसके बाद प्राचार्य और छात्र के बीच बातचीत का कथित ऑडियो सामने आया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। 

छात्र का दावा है कि बातचीत के दौरान प्राचार्य ने कहा था, तूने सीएम हेल्पलाइन लगाई है तो क्या यहां मुख्यमंत्री ढूंढने आएगा?” कथित ऑडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।

अब प्राचार्य का देवास तबादला होने पर विद्यार्थियों ने स्कूल के बाहर मिठाई बांटकर और पटाखे फोड़कर अपनी खुशी जाहिर की। मामले को लेकर स्कूल और शिक्षा विभाग में भी चर्चा बनी हुई है