Raipur Insta Account Case : मोटू-पतलू ID से अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी वाली पोस्ट, रायपुर में FIR दर्ज
Raipur Insta Account Case : शिकायतकर्ता का आरोप है कि पोस्ट और वीडियो के जरिए संबंधित लोगों की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
Raipur Insta Account Case : छत्तीसगढ़। रायपुर में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और कथित तौर पर गलत जानकारी वाली पोस्ट शेयर करने का मामला सामने आया है। इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, छत्तीसगढ़ के कुछ अधिकारियों और अन्य लोगों से जुड़ी पोस्ट को लेकर शिकायत की गई है। शिकायत रायपुर के सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने पोस्ट शेयर करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगातार पोस्ट का आरोप
श्याम नगर तेलीबांधा निवासी अमन यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि इंस्टाग्राम के cg_motu_patlu_18 और cg_motu_patlu_1257 नाम के अकाउंट से लगातार आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो शेयर किए जा रहे हैं।
शिकायत के अनुसार, इन पोस्ट में छत्तीसगढ़ की जनता, समाज और प्रशासन से जुड़े लोगों के लिए अभद्र और अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इन अकाउंट से अमित शाह और कुछ अधिकारियों के वीडियो भी शेयर किए गए हैं। इन वीडियो के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की गई हैं।

छवि खराब करने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पोस्ट और वीडियो के जरिए संबंधित लोगों की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर उनके बारे में गलत या भ्रामक जानकारी फैलाने का भी आरोप लगाया गया है।
अमन यादव ने कहा कि किसी व्यक्ति की आलोचना करना या अपनी बात रखना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हिस्सा है। हालांकि, जानबूझकर झूठी, भ्रामक, अश्लील या आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर किसी की छवि खराब करना अलग विषय है। उन्होंने पुलिस से दोनों इंस्टाग्राम अकाउंट की पूरी जांच की मांग की है।

पुलिस कर रही अकाउंट और पोस्ट की जांच
अमन यादव ने दोनों अकाउंट चलाने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सिविल लाइन थाना प्रभारी यामन देवांगन ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की गतिविधियों को खंगाल रही है।
जांच में पोस्ट और वीडियो की सामग्री, अकाउंट संचालकों की पहचान और सोशल मीडिया पर सामग्री के प्रसार से जुड़े तथ्यों को देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

