मऊगंज में पुरानी रंजिश में युवक की चाकू मारकर हत्या, थाने के सामने शव रखकर चक्का जाम
मऊगंज के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के खटखरी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर 24 वर्षीय युवक आकाश उर्फ अटल जायसवाल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. आक्रोशित परिजनों ने थाने के सामने शव रखकर चक्का जाम किया.
मऊगंज | राजेंद्र पयासी
मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के खटखरी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर 24 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने युवक का शव नईगढ़ी थाने के सामने रखकर चक्का जाम कर दिया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के मुताबिक, खटखरी गांव निवासी आकाश उर्फ अटल जायसवाल, पिता लालजी जायसवाल, की 21 अगस्त की दोपहर पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवक ने आकाश पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन आनन-फानन में घायल आकाश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। परिजनों का आरोप है कि हत्या की वारदात में एक से ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं। उन्होंने शव को नईगढ़ी थाने के सामने रखकर सड़क पर चक्का जाम कर दिया।
परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। चक्का जाम के चलते इलाके में आवागमन प्रभावित हुआ।
पुलिस ने एक संदेही को हिरासत में लिया
मामले की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी शशिकांत सरयाम समेत कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थिति को संभालने के साथ ही एक संदेही को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारी परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास कर रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक परिजनों का चक्का जाम जारी था।
फिलहाल घटनास्थल और आसपास के इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

