वन विभाग में 4506 कर्मचारियों का प्रमोशन, 10 साल बाद मिली राहत; CM बोले- जल्द भरेंगे खाली पद

मध्यप्रदेश वन विभाग में 4506 कर्मचारियों को पदोन्नति मिली है. 10 साल से रुकी प्रमोशन प्रक्रिया शुरू हुई. CM मोहन यादव ने खाली पद जल्द भरने के निर्देश दिए हैं.

वन विभाग में 4506 कर्मचारियों का प्रमोशन, 10 साल बाद मिली राहत; CM बोले- जल्द भरेंगे खाली पद

भोपाल। मध्यप्रदेश के वन विभाग में लंबे समय से प्रमोशन का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है. विभाग में 4,506 कर्मचारियों की पदोन्नति की गई है. यह प्रक्रिया करीब 10 साल से रुकी हुई थी. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में भारतीय वन प्रबंध संस्थान (IIFM) में आयोजित आभार सभा में पदोन्नत कर्मचारियों को सम्मानित किया. मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को स्टार लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी.

10 साल से अटकी थी प्रमोशन की प्रक्रिया

वन विभाग के कर्मचारियों के लिए लंबे समय से प्रमोशन का इंतजार चल रहा था. अब प्रक्रिया शुरू होने के बाद कुल 4,506 कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है. वन विभाग के प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह ने कार्यक्रम में पदोन्नति से जुड़े आंकड़े साझा किए. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि पदोन्नति के बाद कर्मचारियों के चेहरों पर खुशी देखकर संतोष हुआ. उन्होंने कहा कि सरकार अच्छे कामों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है.

वन विभाग में 25 हजार से ज्यादा स्वीकृत पद

वन विभाग में कुल 25,379 पद स्वीकृत हैं। इनमें से फिलहाल 18 हजार से ज्यादा पदों पर कर्मचारी काम कर रहे हैं. यानी विभाग में अभी भी बड़ी संख्या में पद खाली हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन रिक्त पदों को भी जल्द भरने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने मध्यप्रदेश की वन संपदा और नदियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की प्राकृतिक संपदा का देश में महत्वपूर्ण योगदान है.

पदोन्नति पाने वाले कर्मचारियों ने जताया आभार

कार्यक्रम में पदोन्नति पाने वाले कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। रायसेन के सहायक वन संरक्षक रजनीश शुक्ला ने बताया कि उन्हें वन क्षेत्रपाल से सहायक वन संरक्षक के पद पर पदोन्नति मिली है. ओबेदुल्लागंज वन मंडल की वन क्षेत्रपाल सीमा राज गौड़ ने भी पदोन्नति के बाद बढ़े उत्साह का जिक्र किया। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे इंतजार के बाद मिली पदोन्नति से वे नई जिम्मेदारी के साथ और बेहतर काम करने के लिए उत्साहित हैं।

महिला कर्मचारियों ने भी साझा किए अनुभव

कार्यक्रम में वनपाल कल्पना गौड़ समेत कई महिला कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने पदोन्नति के फैसले को कर्मचारियों के लिए उत्साह बढ़ाने वाला कदम बताया। कार्यक्रम में कर्मचारियों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया।