Heavy Rain Alert : दिल्ली-NCR में दूसरे दिन तेज बारिश, गुरुग्राम में WFH ; यूपी में 4 की मौत, 15 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट
Heavy Rain Alert : दिल्ली-गुरुग्राम को जोड़ने वाले NH-48 पर महिपालपुर के पास ट्रैफिक जाम लगा। दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की।
Heavy Rain Alert : नई दिल्ली। दिल्ली-NCR में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तेज बारिश हो रही है। बारिश के कारण AIIMS फ्लाईओवर, कनॉट प्लेस, ITO और आरके पुरम समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया। कई जगहों पर 3 से 4 फीट तक पानी भर गया है। इससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। सड़कों पर ट्रैफिक की रफ्तार भी प्रभावित हुई है।
#WATCH | Delhi: Several areas of the national capital face severe waterlogging following heavy rainfall; visuals from Feroz Shah Road pic.twitter.com/pygWgwKIid
— ANI (@ANI) August 25, 2026
NH-48 पर लंबा जाम, एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली को गुरुग्राम से जोड़ने वाले NH-48 पर महिपालपुर के पास भारी ट्रैफिक जाम लगा है। खराब मौसम और जलभराव का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। सोमवार को करीब 390 फ्लाइट्स लेट हुईं। 15 फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया, जबकि 26 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।
#WATCH | Delhi: Several areas of the national capital face severe waterlogging following heavy rainfall; visuals from near Central Secretariat Metro Station pic.twitter.com/sCxZeYxAiW
— ANI (@ANI) August 25, 2026
गुरुग्राम में स्कूल और सरकारी दफ्तरों में वर्क फ्रॉम होम
गुरुग्राम के कई हिस्सों में मंगलवार को करीब 3 फीट तक पानी भर गया। हालात को देखते हुए सरकारी दफ्तरों और स्कूलों में वर्क फ्रॉम होम लागू किया गया है। इससे पहले सोमवार को जलभराव के कारण कई स्कूल बसें पानी में फंस गई थीं। शहर के कई इलाकों में बारिश और जलभराव के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।
#WATCH | Haryana: Amid heavy rainfall in Gurugram, a traffic snarl was seen at NH-48 in the Narsinghpur area pic.twitter.com/WG8raIbYGo
— ANI (@ANI) August 25, 2026
यूपी के 15 शहरों में बारिश, वाराणसी में स्कूल बंद
उत्तर प्रदेश में मंगलवार सुबह से वाराणसी, अयोध्या, झांसी, जौनपुर और गाजीपुर समेत 15 शहरों में बारिश हो रही है। वाराणसी में सोमवार रात 8 बजे से रुक-रुककर बारिश जारी है। इसके चलते कई सड़कें तालाब जैसी हो गई हैं।
BHU गेट पर घुटनों तक पानी भर गया है। बारिश से जुड़ी घटनाओं में 4 लोगों की मौत हुई है। मथुरा में भी सड़कें और रिहायशी इलाके पानी में डूबे हैं। वाराणसी में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
MP में तेज बारिश, भोपाल और विदिशा में असर
मध्य प्रदेश के भोपाल समेत कई जिलों में मंगलवार को तेज बारिश हुई। विदिशा के बाजार में पानी भर गया। भोपाल में भी ट्रैफिक पर बारिश का असर पड़ा है। राज्य में अब तक करीब 28.75 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है।
मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, आधे मध्य प्रदेश में मंगलवार को तेज बारिश की चेतावनी है। टीकमगढ़, दमोह, नरसिंहपुर, बैतूल और राजगढ़ में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
#WATCH | Delhi: Severe waterlogging witnessed in parts of the national capital after heavy rainfall; visuals from near AIIMS pic.twitter.com/ahNoiyWx8x
— ANI (@ANI) August 25, 2026
27 अगस्त तक कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 27 अगस्त तक मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, उत्तराखंड और केरल समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ईस्ट उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड और तेलंगाना के लिए ऑरेंज अलर्ट बताया गया है।
वहीं उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, वेस्ट उत्तर प्रदेश, ईस्ट राजस्थान, बिहार, झारखंड, सेंट्रल महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, असम, नगालैंड, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु और पुडुचेरी में यलो अलर्ट है।
राजस्थान के 17 जिलों में यलो अलर्ट
राजस्थान में मंगलवार को 17 जिलों में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर और कोटा समेत कई जिलों में सुबह से बारिश का दौर चल रहा है। सोमवार को भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। कई जिलों में एक दिन में 4 इंच तक पानी बरसा।

छत्तीसगढ़ में जलप्रपात के पास तीन युवक फंसे
छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित देवपहरी जलप्रपात में तीन युवक एक टापू पर फंस गए हैं। SDRF ने ग्रामीणों की मदद से रातभर रेस्क्यू अभियान चलाया। हालांकि जलस्तर कम नहीं हुआ। तीनों युवक अभी भी टापू पर फंसे हुए हैं। मौके पर SDRF, पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं और बचाव अभियान जारी है।
हिमाचल में कमजोर रहेगा मानसून
हिमाचल प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मानसून कमजोर रहने का अनुमान है। इसके कारण कई शहरों के तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। 25 से 28 अगस्त के बीच अधिकांश हिस्सों में धूप निकलने की संभावना है। मैदानी इलाकों में उमस वाली गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।

बिहार में बढ़ रहा गंगा का जलस्तर
बिहार में गंगा नदी का जलस्तर लगातार ऊपर जा रहा है। पटना से लेकर बेगूसराय और भागलपुर तक गंगा का पानी खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। दूसरी ओर गंडक समेत कई नदियां उफान पर हैं। नदी किनारे रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है और हालात पर नजर रखी जा रही है।

पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश थोड़ी कमजोर
पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून की गतिविधि कुछ कमजोर हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के मुताबिक राज्य के तापमान में एक दिन में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। मंगलवार को राज्य के नौ जिलों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

उत्तराखंड में छह जिलों के लिए यलो अलर्ट
उत्तराखंड के छह जिलों में देर रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। इन छह जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे पहले सोमवार को पिथौरागढ़ के बंगापानी में आकाशीय बिजली गिरने से 15 बकरियों की मौत हो गई थी। प्रशासन और स्थानीय स्तर पर मौसम की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

