रील बनाने के लिए सड़क पर ‘ड्रामा’! जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटी युवती, ट्रैफिक हुआ ब्लॉक

इंदौर के विजय नगर में रील बनाने के लिए जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटी युवती का VIDEO वायरल हुआ है। ट्रैफिक प्रभावित होने पर पुलिस ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की बात कही है।

रील बनाने के लिए सड़क पर ‘ड्रामा’! जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटी युवती, ट्रैफिक हुआ ब्लॉक

इंदौर। सोशल मीडिया के दौर में रील और वायरल वीडियो का जुनून लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। कभी खतरनाक स्टंट, कभी सड़क पर अजीबोगरीब हरकतें तो कभी ट्रैफिक नियमों की अनदेखी—ऐसे वीडियो आए दिन सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं। अब इंदौर के विजय नगर इलाके से एक ऐसा ही वीडियो सामने आया है, जिसमें एक इंन्फ्लुएंसर युवती फोटो और VIDEO शूट के लिए जेब्रा क्रॉसिंग पर ही लेटती नजर आ रही है।

वाहनों के आगे लेटकर कराया फोटो-VIDEO शूट

वायरल वीडियो विजय नगर इलाके का बताया जा रहा है। वीडियो में प्रकृति गौर नाम की इंन्फ्लुएंसर ट्रैफिक सिग्नल के पास फोटो और VIDEO शूट करवाती दिखाई दे रही है। सिग्नल पर जब वाहन रुके हुए थे, तब युवती वाहनों के आगे जेब्रा क्रॉसिंग पर पहुंचकर लेट गई।

युवती के इस तरह सड़क पर लेटने से कुछ समय के लिए ट्रैफिक प्रभावित होता भी दिखाई दे रहा है। VIDEO में वह अलग-अलग अंदाज में फोटो और VIDEO के लिए पोज देती नजर आती है। सोशल मीडिया पर VIDEO सामने आने के बाद इसे लेकर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर वायरल होने के लिए ट्रैफिक नियमों को ताक पर रखना कहां तक सही है।

सोशल मीडिया के दौर में ‘वायरल’ होने की होड़

आज सोशल मीडिया लोगों के लिए अपनी पहचान बनाने और हुनर दिखाने का बड़ा प्लेटफॉर्म बन चुका है। लेकिन इसके साथ ही वायरल होने की होड़ में कई बार ऐसी घटनाएं भी सामने आती हैं, जिनमें लोग अपनी या दूसरों की सुरक्षा तक को नजरअंदाज कर देते हैं।

आए दिन सोशल मीडिया पर कोई न कोई VIDEO वायरल होता है—कहीं कोई चलती सड़क पर स्टंट करता नजर आता है, तो कहीं ट्रैफिक के बीच रील बनाने के लिए नियमों की अनदेखी की जाती है। कुछ VIDEO तो महज कुछ लाइक्स और व्यूज के लिए ऐसे खतरनाक तरीके अपनाते दिखते हैं, जो हादसे का कारण भी बन सकते हैं।

ऐसे में सवाल यह है कि सोशल मीडिया पर कुछ सेकंड की रील के लिए सार्वजनिक सड़क और ट्रैफिक व्यवस्था को जोखिम में डालना कितना उचित है।

पुलिस ने लिया संज्ञान, कार्रवाई के संकेत

वायरल VIDEO सामने आने के बाद क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि इस तरह VIDEO बनाना गलत है और यह ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है।

पुलिस ने युवती की पहचान और मामले से जुड़ी जानकारी निकलवाने के बाद कार्रवाई की बात कही है। अब पुलिस की जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि युवती के खिलाफ किन धाराओं या नियमों के तहत कार्रवाई की जाती है।

बताया जा रहा है कि प्रकृति गौर के सोशल मीडिया अकाउंट पर करीब 8 हजार फॉलोअर्स हैं। VIDEO वायरल होने के बाद यह मामला एक बार फिर सोशल मीडिया कंटेंट और ट्रैफिक नियमों के बीच बढ़ती चुनौती को सामने लाता है।

लाइक्स और व्यूज के लिए सुरक्षा से समझौता कितना सही?

रील बनाना या सोशल मीडिया पर VIDEO पोस्ट करना अपने आप में गलत नहीं है, लेकिन सार्वजनिक स्थानों पर कंटेंट बनाते समय दूसरे लोगों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का ध्यान रखना भी जरूरी है। कुछ सेकंड की वायरल रील के लिए अगर सड़क पर चल रहे लोगों और वाहन चालकों को परेशानी हो या हादसे का खतरा बढ़े, तो यह मनोरंजन से ज्यादा गंभीर मामला बन सकता है।

इंदौर में सामने आया यह VIDEO भी इसी सवाल को खड़ा करता है कि क्या वायरल होने की चाह में सोशल मीडिया की रील के लिए ट्रैफिक नियमों को नजरअंदाज करना सही है?