बांग्लादेश में हिंदू परिवार के 4 लोगों की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी

बांग्लादेश के रंगपुर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्यों के शव बंद घर से मिले हैं। मृतकों में रिटायर्ड शिक्षक, उनकी पत्नी, बेटी और 12 साल का बेटा शामिल है। पुलिस जांच में जुटी है।

बांग्लादेश में हिंदू परिवार के 4 लोगों की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी

बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक हिंदू परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतकों में रिटायर्ड शिक्षक, उनकी पत्नी, बेटी और 12 साल का बेटा शामिल हैं। चारों के शव शनिवार रात एक बंद मकान से बरामद किए गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घर कई दिनों से था बंद

मामला रंगपुर के मछुआपाड़ा इलाके का है। स्थानीय लोगों के मुताबिक परिवार के सदस्य कुछ दिनों से नजर नहीं आ रहे थे। घर से दुर्गंध आने के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घर का ताला तोड़ा, जिसके बाद चारों के शव अलग-अलग जगहों से बरामद हुए।

रिटायर्ड शिक्षक समेत 4 की मौत

मृतकों की पहचान 65 वर्षीय गणपति चक्रवर्ती, उनकी 50 वर्षीय पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती, 25 वर्षीय बेटी प्रार्थी चक्रवर्ती और 12 वर्षीय बेटे प्रियम चक्रवर्ती के रूप में हुई है। गणपति चक्रवर्ती रंगपुर जिला स्कूल के रिटायर्ड शिक्षक थे।

पुलिस के मुताबिक गणपति का शव घर की छत पर मिला, जबकि उनकी पत्नी और बेटी के शव छत की ओर जाने वाली सीढ़ियों के पास मिले। बेटे का शव एक कमरे में बेड के नीचे मिला।

गला दबाने की आशंका, पोस्टमार्टम से खुलेगा राज

जांच में पुलिस को चारों शवों पर गर्दन के आसपास ऐसे निशान मिले हैं, जिनसे गला दबाए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत की सही वजह और घटना का समय पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। शवों को रंगपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस और जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि परिवार की हत्या क्यों और किसने की। शुरुआती जांच में लूट समेत कई एंगल से मामले को देखा जा रहा है। पुलिस ने फिलहाल घटना की परिस्थितियों और मकसद को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है।

दो संदिग्ध हिरासत में

ताजा जानकारी के मुताबिक, घटना के सिलसिले में बांग्लादेशी सुरक्षा एजेंसियों ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश जारी है.