युवा संवाद कार्यक्रम में बोले-अविराज भूपेंद्र सिंह, कहा- लव जिहाद, मिशनरी धर्मांतरण से निपटने के लिए PM मोदी का नेतृत्व जरूरी
सागर मे स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक शिकागो भाषण की 132वीं वर्षगांठ पर रानी अवंतीबाई विश्वविद्यालय में “युवा संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया
स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक शिकागो भाषण की 132वीं वर्षगांठ पर रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय, सागर में युवा संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारतीय सनातन दर्शन की गहराई, उसकी प्रासंगिकता और वैश्विक समस्याओं के समाधान में उसकी भूमिका से परिचित कराना था।
कार्यक्रम में नर्मदा पुत्र पूज्य श्री समर्थ दादा गुरु, युवा थिंकर्स फोरम के निदेशक आशुतोष सिंह, रानी अवंतीबाई विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विनोद मिश्रा और युवा चिंतक अविराज भूपेन्द्र सिंह ने युवाओं को संबोधित किया।

भारतीय दर्शन: समस्याओं का समाधान, क्रांति नहीं समाधान की संस्कृति
कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि आज विश्व आतंकवाद, जलवायु परिवर्तन, गरीबी, धर्मांतरण, मानसिक तनाव और सांस्कृतिक अस्थिरता जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। इन सभी संकटों के समाधान के लिए भारत का सनातन दर्शन ही एकमात्र स्थायी विकल्प है, जो “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना पर आधारित है।
आशुतोष सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज की पीढ़ी नैरेटिव वॉर झेल रही है – जिसमें मीडिया, डेटा और कंटेंट के माध्यम से युवाओं की सोच को प्रभावित किया जा रहा है। भारत “रिवोल्यूशन” नहीं, “सॉल्यूशन” का मार्ग दिखाने वाला देश है।
कुलगुरु प्रो. विनोद मिश्रा ने भारतीय और पश्चिमी दर्शन की तुलना करते हुए बताया कि जहां पश्चिम का दर्शन सत्ता और लाभ आधारित है, वहीं भारत का दर्शन समन्वय और कल्याण आधारित है। उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानवदर्शन की चर्चा करते हुए युवाओं को भारतीय विचारधारा को अपनाने का आह्वान किया।
पूज्य दादा गुरु ने कहा कि सनातन संस्कृति ही एकमात्र ऐसी जीवन प्रणाली है, जो “धरती को माँ” मानती है और दुनिया के सामने भयमुक्त जीवन जीने का उदाहरण पेश करती है। उन्होंने युवाओं से कहा कि ऐसा चिंतन ही समाज में सार्थक बदलाव लाएगा।

संकटों से निपटने में सक्षम नेतृत्व: अविराज भूपेन्द्र सिंह
कार्यक्रम आयोजक अविराज भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि आज आतंकवाद, लव जिहाद, मिशनरी धर्मांतरण, ड्रग्स और टेरिफ वॉर जैसी चुनौतियां हमारे सामने हैं। इनसे निपटने के लिए भारत के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के रूप में एक मजबूत नेतृत्व है। उन्होंने आंकड़ों के साथ बताया कि कैसे धर्मांतरण के कारण देश की डेमोग्राफी बदल रही है।
विधायक भूपेन्द्र सिंह भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया और फिर श्रोताओं के बीच बैठकर पूरे आयोजन को गंभीरता से सुना। उनकी यह सहभागिता युवाओं में उत्साह और अनुशासन का प्रतीक बनी रही।
विशेष सहभागिता और आयोजन व्यवस्था
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से आए लगभग दो हजार युवा छात्र-छात्राएं, संघ के दायित्ववान स्वयंसेवक, भाजपा पदाधिकारी, महापौर संगीता तिवारी, जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम तिवारी, डॉ. गौरीशंकर चौबे सहित समाज के प्रबुद्ध वर्ग ने भाग लिया।
shivendra 
