भोपाल की सेज यूनिवर्सिटी कैंपस में गोलीबारी 2 छात्र गंभीर
भोपाल की सेज यूनिवर्सिटी कैंपस में गोलीबारी पार्टी के दौरान आपस में भिड़े छात्र, 2 गंभीर
भोपाल: की सेज यूनिवर्सिटी में पार्टी के दौरान छात्रों के दो गुटों में जमकर विवाद हुआ। नशे में धुत आरोपी छात्र सुधांशु सिंह ने देसी पिस्टल से 4-5 राउंड फायर किए। जिसमें दो छात्र गंभीर रुप से घायल हुए तीनों आरोपी फरार हैं। यूनिवर्सिटी के सनसिटी फेज-1 कैंपस में 5 अप्रैल की दरम्यानी रात एक पार्टी चल रही थी। यह पार्टी सेकेंड फ्लोर पर बीएससी एग्रीकल्चर सेकेंड ईयर के छात्र हर्मन के फ्लैट में हो रही थी। फ्लैट पर बीबीए फर्स्ट ईयर के छात्र अनिकेत शर्मा ओम तिवारी और एलएनसीटी कॉलेज के छात्र सुधांशु सिंह पार्टी में मौजूद थे।
शोर रोकने पर भड़के आरोपी
पार्टी के दौरान तेज शोर-शराबा हो रहा था। उसी बिल्डिंग में रहने वाले बीबीए फर्स्ट ईयर के छात्र अंशु तेज पाटिल और हरीश ने फ्लैट पर पहुंचकर शांत रहने को कहा। बस यही बात आरोपियों को नागवार गुजरी। उन्होंने गाली-गलौच करते हुए धमकी दी। दोनों छात्र नीचे लौट आए, लेकिन आरोपी भी उनके पीछे नीचे आ गए और दोबारा बहस शुरु हो गई।
देसी पिस्टल से 4-5 राउंड फायर
इसी दौरान दतिया निवासी बीबीए सेकेंड ईयर छात्र वासु गुप्ता और मथुरा निवासी फोरेंसिक फर्स्ट ईयर छात्र हेमंत शर्मा भी वहां आ गए। पुलिस के अनुसार, नशे में धुत सुधांशु सिंह ने इसी बीच देसी पिस्टल निकाली और 4 से 5 राउंड फायर कर दिए। एक गोली अंशु तेज पाटिल के पेट में लगी। दूसरी गोली वासु गुप्ता के कंधे में जा लगी। फायरिंग के बाद तीनों आरोपी मौके से भाग निकले।
एम्स में भर्ती हैं दोनों घायल
गोली लगने के बाद दोनों घायल छात्रों को तुरंत एम्स भोपाल ले जाया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई गई है और उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का केस
कटारा हिल्स पुलिस ने हेमंत शर्मा की शिकायत पर आरोपी सुधांशु सिंह, अनिकेत शर्मा और ओम तिवारी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। तीनों अभी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि सभी छात्र एक-दूसरे को पहले से जानते हैं। सभी एक ही बिल्डिंग में रहते हैं। मुख्य आरोपी सुधांशु सिंह एलएनसीटी कॉलेज का छात्र है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। यूनिवर्सिटी प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
sanjay patidar 
