मऊगंज: आदिवासी परिवार के घर से नकदी-जेवरात चोरी

मऊगंज जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। भाठी सेंगर ग्राम पंचायत के भाठी जंगल क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने आदिवासी परिवार के सूने घर में दिनदहाड़े चोरी कर ली। पीड़ित रामकरण कोल की पत्नी मजदूरी के लिए बाहर गई थी, तभी चोरों ने घर का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी कर लिए। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मऊगंज: आदिवासी परिवार के घर से नकदी-जेवरात चोरी
google

जिला मुख्यालय के थाना मऊगंज क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत भाठी सेंगर के भाठी जंगल क्षेत्र का मामला सामने आया है, जहां बदमाशों ने आदिवासी परिवार के घर को निशाना बनाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया। भाठी जंगल गांव निवासी रामकरण कोल के सूने घर का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाश हजारों रुपए का सामान एवं नकदी उठा ले गए।

पीड़ित रामकरण कोल का घर भाठी जंगल क्षेत्र में स्थित है। घटना के समय घर पर कोई नहीं था। रामकरण की पत्नी घर से करीब 2 किलोमीटर दूर स्थित पॉली हाउस के पास मजदूरी करने गई हुई थी। इसी बीच दोपहर करीब 3 बजे अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी सहित जेवरात आदि उठा ले गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है।

घर से दूर जंगल में मिली टूटी हुई संदूक

दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना के संबंध में पीड़ित द्वारा मऊगंज थाना में शिकायत दर्ज कराई गई कि बदमाशों ने घर में धावा बोलकर संदूक उठा ले गए थे। अगली सुबह जब कुछ ग्रामीण जंगल में महुआ बीनने गए तो उन्होंने रामकरण के घर से 2 किलोमीटर दूर टूटी हुई संदूक और बिखरे हुए कपड़े देखे, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि चोरों ने कीमती सामान निकालकर संदूक वहीं फेंक दी थी।

क्षेत्र में हो रही अनवरत चोरियों से आम ग्रामीण दहशत भरी जिंदगी जीने को मजबूर हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने कहा है कि भाठी जंगल क्षेत्र अब अपराधियों का अड्डा बनता जा रहा है। रामकरण के घर हुई चोरी से महज एक दिन पहले ही पास में रहने वाले यादव परिवार के यहां भी चोरी की वारदात हुई थी। इतना ही नहीं, इस क्षेत्र से गुजरने वाले राहगीरों के साथ भी अक्सर लूटपाट की घटनाएं होती रहती हैं।

क्षेत्र में आए दिन घट रही घटनाओं से ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि बार-बार सूचना देने के बावजूद इन वारदातों को रोकने के लिए पुलिस द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि भाठी जंगल और आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा अपराधी प्रवृत्ति के बदमाशों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में निवास करने वाले गरीब और मजदूर वर्ग के लोग सुरक्षित महसूस कर सकें।