मऊगंज के खटखरी बाजार में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, बुलडोजर चलाकर हटाया अतिक्रमण
मऊगंज के खटखरी बाजार में प्रशासन ने अतिक्रमण हटाते हुए जर्जर भवन गिराया, लंबे समय से लग रहे जाम से लोगों को मिलेगी राहत.
मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के खटखरी बाजार में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर चलाया. इस दौरान सड़कों तक फैली दुकानदारी को हटाया गया और एक जर्जर शासकीय भवन को भी ध्वस्त कर दिया गया.
यातायात हो रहा था प्रभावित
जानकारी के मुताबिक, खटखरी बाजार में लंबे समय से सड़क किनारे फैले अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था. रीवा-वाराणसी हाईवे के पास बजार में सर्विस रोड पर दुकानदारों द्वारा किए गए कब्जे और पुरानी जर्जर बिल्डिंग के चलते आए दिन जाम की स्थिति बनती थी, जिससे राहगीरों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था.

कलेक्टर जैन के सख्त निर्देश पर प्रशासनिक अमले ने भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की. इस दौरान सड़क पर दुकान फैलाकर व्यापार करने वाले दुकानदारों के अतिक्रमण को हटाया गया. साथ ही मुख्य मार्ग के किनारे स्थित खतरनाक जर्जर शासकीय भवन को भी गिरा दिया गया, जो दुर्घटना का कारण बन सकता था.
प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
कार्रवाई के दौरान एसडीएम, तहसीलदार, यातायात प्रभारी सहित राजस्व विभाग की टीम और पुलिस बल मौके पर तैनात रहा. प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद खटखरी बाजार क्षेत्र में लगने वाले जाम से आम जनता को राहत मिलने की उम्मीद है.
shivendra 
