मऊगंज में चोर बेखौफ : किसान के घर के सामने से ट्रैक्टर-रोटावेटर चोरी

Mauganj News : जिले में चोर बदमाशों का आतंक रुकने का नाम नहीं ले रहा है, जिसके कारण आम नागरिकों में भय एवं आक्रोश का वातावरण बना हुआ है।

मऊगंज में चोर बेखौफ : किसान के घर के सामने से ट्रैक्टर-रोटावेटर चोरी

राजेंद्र पयासी @ मऊगंज 

मऊगंज जिले में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। चोर बदमाशों के आतंक से परेशान ग्रामीणों का आरोप है कि जिले के थाना क्षेत्रों में रात्रिकालीन पुलिस गश्त न होने से बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। जनता का सीधा आरोप है कि रात में पुलिस सड़कों पर नहीं दिखती, जिसका लाभ उठाकर चोर गिरोह बेखौफ होकर बड़ी-बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहा है।

ताजा मामला मऊगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बरहटा का है जहां के निवासी शिवराज पटेल पिता श्याम सुंदर पटेल ने बताया कि उनका ट्रैक्टर मय रोटावेटर रोज की तरह घर के सामने खड़ा था। बीती रविवार सोमवार की रात करीब 2 बजे से 4 के बीच अज्ञात बदमाश उसे चुरा कर फरार हो गए। 

सुबह करीब 4 बजे परिजन जब घर से बाहर निकले तो ट्रैक्टर गायब मिला। परिजनों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। पीड़ित मऊगंज थाना पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराया, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं लगा है।

चोर बदमाशों का आतंक, जनता में भय एवं आक्रोश 

जिले में चोर बदमाशों का आतंक रुकने का नाम नहीं ले रहा है, जिसके कारण आम नागरिकों में भय एवं आक्रोश का वातावरण बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि तीन दिन पूर्व ही जिले के लौर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध माता मंदिर में चोरी की वारदात हुई थी, ढेरा निवासी कचेर परिवार के यहां लाखों की चोरी हुई ,जिसका खुलासा पुलिस अब तक नहीं कर सकी है।

उन घटना का पर्दाफाश होता, इससे पहले ही बदमाशों ने मऊगंज थाना क्षेत्र में किसान के घर के सामने खड़ी लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। लगातार दो बड़ी चोरियों ने साबित कर दिया है कि जिले में पुलिस का इकबाल खत्म हो रहा है।

इस घटना के बाद पूरे बरहटा सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल है। किसान अपनी खेती-किसानी के संसाधनों को लेकर चिंतित हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि जिले में रात्रिकालीन गश्त को सख्ती से लागू किया जाए, प्रत्येक थाना क्षेत्र में रात्रि अधिकारी की जवाबदेही तय की जाए और चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाए, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना बनी रहे।