मऊगंज में डेयरी प्रतिष्ठानों पर छापा, दूध-पनीर समेत 10 सैंपल लिए

मऊगंज में कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने डेयरी प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर दूध, पनीर, खोवा और घी समेत 10 सैंपल लिए। जांच के बाद कार्रवाई होगी।

मऊगंज में डेयरी प्रतिष्ठानों पर छापा, दूध-पनीर समेत 10 सैंपल लिए

राजेंद्र पयासी मऊगंज

मऊगंज। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने डेयरी प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। कलेक्टर संजय कुमार जैन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मऊगंज के कई डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दूध, पनीर, खोवा और देशी घी समेत कुल 10 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।

सिंह, ठाकुर और मिश्रा डेयरी समेत कई दुकानों की जांच

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार तिवारी के नेतृत्व में टीम ने सिंह डेयरी, ठाकुर डेयरी, मिश्रा डेयरी समेत अन्य डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुछ खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर उनके नमूने लिए गए।विभाग के अनुसार, दूध और उससे बने उत्पादों की गुणवत्ता की जांच के लिए कुल 10 सैंपल लिए गए हैं। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा।

जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक प्रयोगशाला जांच में यदि किसी नमूने में मिलावट पाई जाती है या वह निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं मिलता है, तो संबंधित खाद्य कारोबारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग की ओर से प्रकरण दर्ज कर चालानी कार्रवाई भी की जा सकती है।

मिलावट के खिलाफ लगातार जारी रहेगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने कहा कि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दूध व दूध से बने उत्पाद उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। जिले में डेयरी और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच आगे भी जारी रहेगी।कलेक्टर संजय कुमार जैन ने खाद्य सुरक्षा विभाग को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखने और मिलावट से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।