जबलपुर में दिनदहाड़े बदमाशों ने बैंक लूटा, 14 किलो सोना 5 लाख नगद लूटे, सभी आरोपी फरार
जबलपुर के खितौला थाना क्षेत्र में पांच हथियारबंद लुटेरों ने दिनदहाड़े एक निजी बैंक से 12 किलो सोना और 5 लाख रुपये नकद लूट लिए।
जबलपुर खितौला थाना क्षेत्र में आज सुबह एक निजी बैंक में हथियारबंद लुटेरों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना सुबह करीब 9 बजे की है। बैंक के कर्मचारी रोज की तरह बैंक खोलने पहुंचे ही थे कि दो मोटरसाइकिल पर सवार पांच लुटेरे बैंक के अंदर घुस गए और स्टाफ को गन प्वाइंट पर लेकर लूट को अंजाम दिया।

कैसे हुई लूट की घटना?
बैंक कर्मचारी संतराम ने बताया कि वह सुबह 8 बजे बैंक पहुंचा था और बाहर की सफाई कर रहा था। इसके बाद बैंक मैनेजर अंकित, फिर बबीता मैडम और फिर DM राघवेंद्र सर बैंक पहुंचे।
करीब 8:50 बजे दो लुटेरे अंदर आए और सबसे पहले CCTV कैमरे बंद कर दिए। फिर उन्होंने बैंक खोलने के लिए मैनेजर अंकित को कहा।
जब अंकित ने बताया कि एक चाबी से बैंक नहीं खुलेगा और दूसरी चाबी एक महिला कर्मचारी के पास है, तो लुटेरे बाहर इंतजार करने लगे।
करीब 9:00 बजे रीना पटेल बैंक पहुंचीं। लुटेरों ने उन्हें पहचानते ही अंदर घुसकर गन प्वाइंट पर लॉकर खुलवाया और सोना व नकदी बैग में भरकर भाग निकले।

12 किलो सोना और 5 लाख नकद लूटकर फरार
बैंक के कर्मचारियों के अनुसार, लुटेरे करीब 14 किलो सोना और 4 से 5 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। यह बैंक जबलपुर-सिहोरा हाईवे से कुछ दूरी पर, विजय रेस्टोरेंट के पास स्थित SMF (Suryodaya Micro Finance Bank) है।

घटना की जानकारी मिलते ही खितौला पुलिस, सिहोरा थाना स्टाफ और SDOP सिहोरा मौके पर पहुंचे। ASP सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि उन्हें सुबह 9 बजे इस घटना की सूचना मिली थी और वह तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस अब बैंक और आसपास लगे CCTV फुटेज की जांच कर रही है ताकि लुटेरों की पहचान की जा सके।


