इंदौर में दंपती का शव मिलने से मचा हड़कंप, मामले में हत्या के बाद आत्महत्या का शक
हीरानगर थाना क्षेत्र के मेघदूत नगर में पति-पत्नी की मौत का सनसनीखेज मामला। पति ने पहले अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या की और फिर खुद जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
इंदौर में पति-पत्नी की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पति ने पहले अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या की और फिर खुद जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना सुबह करीब 6.30 बजे की बताई जा रही है। इसका खुलासा उस वक्त हुआ जब मृतक ने रात में अपने भतीजे को मोबाइल पर एक मैसेज भेजा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, यह घटना इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र के मेघदूत नगर का है, जहां रहने वाले हल्केवीर पटेल और उनकी पत्नी रोशनी पटेल मृत अवस्था में घर के अंदर मिले। बताया जा रहा है कि मृतक हल्केवीर ने रात में अपने भतीजे को मोबाइल पर संदेश भेजा था, जिसमें उसने पुलिस को बुलाने, कमरा खोलने और घर का सामान ले जाने की बात लिखी थी। सुबह जब भतीजे ने मैसेज देखा तो वह मौके पर पहुंचा, जहां कमरे के अंदर दोनों के शव पड़े मिले।

सुसाइड नोट मिला, पत्नी के दूसरे से थे संबंध
बेटी के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे, घर अंदर से बंद था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस, एफएसएल टीम और वरिष्ठ अधिकारियों ने जब दरवाजा तोड़ा गया तो दोनों के शव पड़े मिले। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर सुसाइड नोट भी मिला है।

सुसाइड नोट में लिखा है कि पत्नी ने उसके साथ धोखा किया है। उसका सतीश साहू से संबंध था। दोनों उसी कारण जहर खाकर जान दे रहे हैं। साथ ही बेटी की जिम्मेदारी उसकी साली को सौंपने और संपत्ति बेटी के 18 साल की होने पर उसे देने की बात भी लिखी गई है। नोट में यह भी आरोप लगाया गया है कि सतीश साहू ने उसे पीथमपुर बुलाकर मारपीट की थी और उसके माता-पिता भी उसका साथ दे रहे थे। उसने मांग की है कि उसकी मौत के बाद सतीश के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति ने पहले पत्नी की गला दबाकर हत्या की और बाद में खुद जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस दोनों के मोबाइल जब्त कर जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की वजह पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करना बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवा दिया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
Varsha Shrivastava 
