दिल्ली में पांच मंजिला इमारत ढही: 8-10 लोगों के दबे होने की आशंका, 2 बच्चों को सुरक्षित निकाला
सीमापुरी में बड़ा हादसा, पांच मंजिला बिल्डिंग मलबे में तब्दील: रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, कई लोगों के फंसे होने की आशंका
दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार को पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई। हादसा मछली मंडी के पास ईदगाह मस्जिद के नजदीक हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमारत के मलबे में 8 से 10 लोगों के दबे होने की आशंका है। इनमें बिल्डिंग मालिक के परिवार के सदस्य भी शामिल बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद मौके पर रेस्क्यू टीमें पहुंची और मलबे में फंसे लोगों की तलाश शुरू की। अब तक दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, कुछ घायलों को इलाज के लिए राजीव गांधी अस्पताल ले जाया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के वक्त इमारत की पहली मंजिल पर एक परिवार के 4 से 5 लोग मौजूद थे। अचानक इमारत गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बचाव दल मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटा है। हादसे में अभी तक कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
Varsha Shrivastava 
