निर्माण कार्य के दौरान श्रमिक की गिरकर मौत: परिजनों ने ट्रांसपोर्ट नगर में किया चक्काजाम
मजदूर की मौत से नाराज परिजनों ने किया रीवा-सतना रोड पर चक्काजाम, 30 लाख मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग
रीवा। जिले के ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे पर बुधवार को उस समय हंगामा हो गया, जब एक मजदूर की मौत के बाद उसके परिजनों ने रीवा-सतना रोड पर चक्काजाम कर दिया। बड़ी संख्या में परिजन और अन्य लोग सड़क पर बैठ गए। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। परिजन मृतक के परिवार को 30 लाख रुपए मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे थे।
रेलवे स्टेशन परिसर में हुआ हादसा
मामला चोरहटा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, रीवा रेलवे स्टेशन परिसर में निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान एक मजदूर बिल्डिंग की रेलिंग बनाने के काम में लगा था। काम के दौरान वह ऊंचाई से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि हादसा करीब 4 दिन पहले हुआ था। उनके मुताबिक, मजदूर को रेलवे के निर्माण कार्य के लिए ठेकेदार ने बुलाया था। काम के दौरान मशीन का झटका लगने से वह गंभीर रूप से घायल हुआ। हालांकि, घटना की जानकारी परिवार को समय पर नहीं दी गई।
मौत की जानकारी देर से देने का आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद उन्हें सही जानकारी नहीं दी गई। उनका कहना है कि मजदूर की मौत के बाद भी उन्हें इसकी सूचना देर से मिली। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि शव उन्हें तत्काल नहीं सौंपा गया। इसी बात को लेकर परिवार में नाराजगी बढ़ गई।
परिजनों का कहना है कि मृतक परिवार के लिए कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इसलिए वे हादसे की जांच, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे हैं।
मांगों को लेकर सड़क पर बैठे परिजन
मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर परिजन ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे पर पहुंच गए और सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। इससे रीवा-सतना मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।
अधिकारियों ने परिजनों को मामले की जांच कराने और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया। एडिशनल एसपी भावना मरावी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और सड़क पर यातायात बहाल हो सका।
Varsha Shrivastava 
