परदेशीपुरा की गली नंबर 3 में फिर धंसी सड़क: नर्मदा की 6 इंच पाइपलाइन में लीकेज से बना गड्ढा

पानी रिसने से कमजोर हुई मिट्टी, परदेशीपुरा में धंसी सड़क; निगम ने शुरू कराया पाइपलाइन मरम्मत का काम

परदेशीपुरा की गली नंबर 3 में फिर धंसी सड़क: नर्मदा की 6 इंच पाइपलाइन में लीकेज से बना गड्ढा

इंदौर के परदेशीपुरा इलाके की गली नंबर 3 में एक बार फिर सड़क का हिस्सा धंसने से बड़ा गड्ढा बन गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। रहवासियों की शिकायत के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और सड़क धंसने के कारणों की जांच की। जांच में ड्रेनेज लाइन पूरी तरह ठीक मिली, जबकि पास से गुजर रही नर्मदा की 6 इंच पाइपलाइन में लीकेज पाया गया।

ड्रेनेज लाइन की जांच में खराबी नहीं

नगर निगम की टीम ने सबसे पहले सड़क के नीचे मौजूद ड्रेनेज लाइन को खुलवाकर उसकी जांच की। निरीक्षण के दौरान ड्रेनेज लाइन सही स्थिति में मिली। इसके बाद आसपास से गुजर रही नर्मदा पाइपलाइन की जांच की गई, जिसमें पानी का रिसाव सामने आया। निगम के मुताबिक पाइपलाइन से पानी रिसने के कारण आसपास की मिट्टी कमजोर हुई और इसके चलते सड़क धंस गई।

पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू

मौके पर मौजूद नगर निगम के सहायक यंत्री ने जल विभाग के कर्मचारियों को बुलाया और पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू करवाया। निगम के मुताबिक बुधवार शाम तक नर्मदा पाइपलाइन को पूरी तरह ठीक करने का लक्ष्य है। इसके बाद सड़क पर बने गड्ढे को भी तत्काल भरने का काम किया जाएगा।

पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले

इंदौर में नर्मदा, गैस और ड्रेनेज लाइनों से जुड़े मामलों के कारण अलग-अलग स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। मेघदूत गार्डन के सामने सड़क धंसने के अलावा गौराकुंड, गाड़ी अड्डा, नसिया रोड और पंढरीनाथ क्षेत्र में भी सड़क क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आई थीं। परदेशीपुरा की घटना ने एक बार फिर सड़कों के नीचे मौजूद पाइपलाइनों की स्थिति और उनके रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं।