MP में पटवारियों और प्रशासन के बीच आर-पार: 3 दिन की छुट्टी का ऐलान, कलेक्टोरेट गेट पर दरी बिछाकर बैठे

स्वामित्व रजिस्ट्री के विरोध और 4 पटवारियों के निलंबन को लेकर गुना के पटवारियों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोला। कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर डेरा डाले पटवारी बिना शर्त निलंबन वापसी और कलेक्टर से सीधी चर्चा की जिद पर अड़े। विरोध के तौर पर सभी पटवारी शासकीय वॉट्सएप ग्रुप छोड़कर 3 दिवसीय सामूहिक हड़ताल पर चले गए हैं।

MP में पटवारियों और प्रशासन के बीच आर-पार: 3 दिन की छुट्टी का ऐलान, कलेक्टोरेट गेट पर दरी बिछाकर बैठे

गुना से गौरव शर्मा की रिपोर्ट। 

गुना। जिले सहित प्रदेशभर में प्रशासन की दमनकारी और एकतरफा कार्रवाई के खिलाफ गुना के पटवारियों ने सीधी जंग का ऐलान कर दिया है। स्वामित्व योजना के तहत रजिस्ट्री निष्पादन में विक्रेता बनने के अनुचित दबाव और पटवारियों के निलंबन के विरोध में आक्रोशित पटवारी 7 अक्टूबर बुधवार को कलेक्टोरेट पहुंचे और मुख्य गेट पर ही दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए।

कलेक्टोरेट परिसर में घंटों चले इस उग्र प्रदर्शन के दौरान पटवारियों ने साफ शर्त रखी कि कलेक्टर खुद बाहर आकर उनकी बात सुनें और निलंबन का आदेश वापस लें। इस बीच पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों की मिन्नतें और समझाइश भी पटवारियों के अडिग रुख के आगे बेअसर साबित हुईं।

कलेक्टोरेट गेट पर धरना प्रतिनिधिमंडल भेजने से इनकार

धरने के दौरान मौके पर पहुंचे डिप्टी कलेक्टर देवांशु शिवहरे ने पटवारियों को शांत कराने का प्रयास किया और प्रस्ताव रखा कि 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल चेंबर में आकर अपनी बात रख सकता है। लेकिन आक्रोशित पटवारियों ने इस प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया।

पटवारी संगठन के पदाधिकारियों का स्पष्ट कहना था कि जब निलंबन की कार्रवाई बिना किसी नोटिस और बिना विधिक प्रक्रिया का पालन किए सडक़ छाप तरीके से की गई है, तो वार्ता भी चेंबर के बंद दरवाजों के पीछे नहीं बल्कि कलेक्टोरेट के खुले मैदान में होगी। पटवारी घंटों कलेक्टोरेट गेट पर ही नारेबाजी करते रहे, जिससे प्रशासनिक गलियारे में हडक़ंप मच गया।

बिना नोटिस के निलंबन पर भडक़ा पटवारी संघ

प्रांतीय पटवारी संघ के प्रांतीय पदाधिकारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन की इस कार्रवाई को घोर अन्यायपूर्ण बताया। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि प्रांतीय आह्वान पर पूरे प्रदेश के पटवारी स्वामित्व रजिस्ट्री में विक्रेता बनने के विरोध में हैं और 43 जिलों की तरह गुना में भी रजिस्ट्री का आंकड़ा शून्य है।

इसके बावजूद जिला प्रशासन ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए परिवीक्षाधीन पटवारियों को वॉट्सएप के जरिए सेवा समाप्ति के नोटिस थमा दिए और बिना किसी कारण बताओ नोटिस और जांच प्रक्रिया के प्रांतीय जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह किरार सहित पटवारी ललित मोहन शर्मा, विजय सिंह भील और मेहरबान भील को सीधे निलंबित कर दिया।

3 दिवसीय सामूहिक हड़ताल शुरू

देवास में 4 पटवारियों की एकपक्षीय सेवा समाप्ति और गुना में हुए निलंबन के विरोध में प्रांतीय पटवारी संघ एवं मध्य प्रदेश पटवारी संघ की संयुक्त बैठक में पूरे प्रदेश में 7 अक्टूबर से 3 दिवसीय सामूहिक हड़ताल का फैसला लिया गया है। विरोध दर्ज कराते हुए गुना जिले के सभी पटवारियों ने शासन-प्रशासन के सभी आधिकारिक वॉट्सएप ग्रुपों से एक साथ एग्जिट (लेफ्ट) कर लिया है।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि निलंबन और नोटिस की यह दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई तुरंत वापस नहीं ली गई, तो जिले के तमाम पटवारी अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल पर चले जाएंगे, जिससे राजस्व संबंधी सभी कामकाज पूरी तरह ठप हो जाएंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।