मऊगंज:हनुमना को MSME योजनाओं में प्राथमिकता, 90 दिन का एक्शन प्लान मंजूर
केंद्रीय प्रभारी रुक्मणी अत्रि ने परखी योजनाओं की जमीनी हकीकत, दीदी कैफे और अमृत सरोवर मॉडल की सराहना
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
भारत सरकार की केंद्रीय प्रभारी एवं संयुक्त विकास आयुक्त रुक्मणी अत्रि ने सोमवार को मऊगंज जिले के आकांक्षी विकासखंड हनुमना का निरीक्षण किया। दौरे के बाद एसडीएम कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक में हनुमना के लिए 90 दिवसीय सुधार कार्ययोजना को मंजूरी दी गई। ब्लॉक को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय की योजनाओं में प्राथमिकता देने पर भी सैद्धांतिक सहमति बनी।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलैया की स्मार्ट क्लास का निरीक्षण
केंद्रीय प्रभारी ने पीएम किसान सम्मान निधि, संस्थागत प्रसव, प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण और शौचालययुक्त आंगनबाड़ी केंद्रों की प्रगति देखी। सीएम राइज स्कूल में बालिका शौचालय, डिजिटल क्लासरूम और ड्रॉपआउट रोकने के प्रयासों का जायजा लिया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सलैया की स्मार्ट क्लास का भी निरीक्षण किया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हनुमना में ओपीडी, पैथोलॉजी लैब, दवा वितरण काउंटर, प्रसव कक्ष और टीकाकरण केंद्र की व्यवस्थाएं जांची गईं। वार्ड-5 के आंगनबाड़ी केंद्र, महिला स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित दीदी कैफे और सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का भी अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान हनुमना की तीन पहलों को विशेष रूप से सराहा गया
निरीक्षण के दौरान हनुमना की तीन पहलों को विशेष रूप से सराहा गया। दीदी कैफे से स्थानीय महिलाओं को रोजगार मिल रहा है। अमृत सरोवर के तहत तालाबों के पुनर्जीवन से जल संचयन बढ़ा है और मत्स्य पालन को बढ़ावा मिला है। सीएम राइज स्कूल को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और डिजिटल अधोसंरचना का प्रभावी मॉडल बताया गया।

बैठक में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने आकांक्षी ब्लॉक के प्रमुख संकेतकों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। केंद्रीय प्रभारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग समय-सीमा में योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें और संकेतकों में सुधार लाएं। बुनियादी और आर्थिक ढांचे को मजबूत करने वाले प्रस्तावों पर संबंधित केंद्रीय मंत्रालयों से समन्वय कर काम तेज किया जाएगा। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ मेहताब सिंह गुर्जर, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Varsha Shrivastava 
