रीवा संभाग के कमिश्नर ने मऊगंज में की विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा

मऊगंज में हुई समीक्षा बैठक, रीवा संभाग के कमिश्नर ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश

रीवा संभाग के कमिश्नर ने मऊगंज में की विभागीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा
मऊगंज से रिपोर्टर राजेंद्र पयासी। 
रीवा संभाग के कमिश्नर श्री शैलेन्द्र सिंह ने मऊगंज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, विकास कार्यों और विभागीय उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ करें।

उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक विभाग शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के लिए कार्य करे। निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं और आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण प्राथमिकता से किया जाए। किसी भी विभागीय कार्य के निष्पादन में कठिनाई होने पर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाए।

कृषि विभाग की समीक्षा और निर्देश

बैठक में कमिश्नर ने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए खरीफ फसल की बोनी के लिए उर्वरक का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-विकास पोर्टल के माध्यम से ही किसानों को उर्वरक का वितरण किया जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे। किसानों को बिना किसी परेशानी के बीज एवं उर्वरक उपलब्ध कराए जाएं और फार्मर रजिस्ट्री बनाने के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया जाए।

स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की समीक्षा

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कमिश्नर ने जिले में संचालित स्वास्थ्य संस्थाओं, डिलीवरी प्वाइंट, पोषण पुनर्वास केंद्र, एएनसी पंजीयन और हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार, शिशु मृत्यु दर और मातृ मृत्यु दर में नियंत्रण सहित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। सभी गर्भवती महिलाओं का समय पर अनिवार्य पंजीयन एवं नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

शिक्षा विभाग और छात्रावासों की व्यवस्थाएं

संयुक्त संचालक शिक्षा को निर्देश दिए गए कि स्कूलों और छात्रावासों की व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए। बैठक में नामांकन, छात्रवृत्ति, पाठ्यपुस्तक वितरण, साइकिल, लैपटॉप और स्कूटी वितरण की प्रगति की समीक्षा की गई। सीएम राइज विद्यालय और पीएमश्री विद्यालयों के संचालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा गया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए।

निर्माण कार्य, सिंचाई और अन्य विकास परियोजनाएं

बैठक में जिले की सिंचाई परियोजनाओं, नईगढ़ी सूक्ष्म दबाव सिंचाई परियोजना, सीतापुर-हनुमना बैराज, मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के निर्माण कार्यों, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा मिशन, जनपद और जिला पंचायत भवन निर्माण सहित डीएमएफ और मनरेगा कन्वर्जेंस के कार्यों की समीक्षा की गई।

महिला एवं बाल विकास और डिजिटल पहचान योजनाएं

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान पोषण मिशन 2.0, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, गर्भवती महिलाओं के समग्र सत्यापन, एफआरएस रिपोर्ट और आभा आईडी की प्रगति की जानकारी ली गई। निर्देश दिए गए कि जिन लोगों की आभा और अपार आईडी नहीं बनी है, उनकी तत्काल आईडी बनाई जाए ताकि उन्हें योजनाओं का लाभ मिल सके।

ऊर्जा एवं पशुपालन विभाग की समीक्षा

ऊर्जा विभाग की समीक्षा में अटल गृह ज्योति योजना, अटल किसान ज्योति योजना, वितरण ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता, जले हुए ट्रांसफार्मरों के प्रतिस्थापन तथा घरेलू और कृषि फीडरों पर विद्युत आपूर्ति की स्थिति पर चर्चा की गई। पशुपालन विभाग को निर्देश दिए गए कि कामधेनु योजना, क्षीरधारा योजना और पशुओं के टीकाकरण की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए साथ ही सभी पशुओं का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।

जल जीवन मिशन और बाढ़ प्रबंधन की समीक्षा

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा के दौरान नल-जल योजनाओं और जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में 302 एकल ग्राम नल-जल योजनाएं स्वीकृत हैं, जिनमें से 184 पूर्ण हो चुकी हैं और 160 योजनाएं ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित की जा चुकी हैं। शेष योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। निर्देश दिए गए कि सभी समूह नल-जल योजनाएं तय समय-सीमा में पूर्ण कर प्रत्येक घर तक नल से जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर की जानकारी और समापन

कलेक्टर संजय कुमार जैन ने जल अर्पण ग्राम पंचायत कुल्बहेरिया, जल गंगा संवर्धन अभियान, टंकी और सम्पवेल निर्माण, हर घर जल योजना, रीवा-बाणसागर समूह जल प्रदाय योजना सहित टमस ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का पालन तत्परता से कराया जाएगा और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक के अंत में कमिश्नर को कलेक्टर द्वारा सुपारी के गणेश की प्रतिमा भेंट की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन, सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता, एसडीएम मऊगंज एपी द्विवेदी सहित सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।