Bhopal:ईंधन किल्लत के बीच ऑयल कंपनियों का बयान, अफवाहों से दूर रहने की अपील
भोपाल में ईधन किल्लत की खबरों के बीच ऑयल कंपनियों ने स्पष्ट किया कि मध्यप्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
भोपाल:राजधानी भोपाल में ईधन और एलपीजी किल्लत की खबरों के बीच इंडियन ऑयल सहित ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMC) ने संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग कर स्थिति स्पष्ट की। राज्य स्तरीय समन्वय समिति की बैठक के बाद कंपनियों ने कहा कि मध्यप्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी भी तरह की घबराहट या पैनिक बाइंग की जरूरत नहीं है।
राज्य-केंद्र समन्वय से सप्लाई बनी सामान्य
इंडियन ऑयल मध्यप्रदेश के सीजीएम अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि राज्य और केंद्र सरकार के बीच लगातार समन्वय बना हुआ है और घरेलू (डोमेस्टिक) एलपीजी सप्लाई को प्राथमिकता दी जा रही है। कमर्शियल एलपीजी का वितरण केंद्र सरकार की गाइडलाइन के अनुसार किया जा रहा है।
छोटे सिलेंडर और डिजिटल बुकिंग पर जोर
उन्होंने जानकारी दी कि 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर भी जारी किए जा रहे हैं, जो खासतौर पर स्टूडेंट्स और युवा कामकाजी लोगों के लिए सुविधाजनक हैं। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई कि वे गैस बुकिंग के लिए डिजिटल माध्यमों का अधिक उपयोग करें.प्रदेश में पहले ही 95% बुकिंग ऑनलाइन हो रही है।
धांधली पर सख्ती, हजारों सिलेंडर जब्त
धांधली रोकने के लिए OMC ने विशेष टीमें बनाई हैं। अब तक मध्यप्रदेश में 2485 रेड की गई हैं, जिसमें 3500 सिलेंडर जब्त किए गए और 10 एफआईआर दर्ज की गई हैं।
पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक, सप्लाई बढ़ी
पेट्रोल-डीजल सप्लाई पर भी स्थिति सामान्य बताई गई। प्रदेश में 7147 रिटेल आउटलेट्स, 4 टर्मिनल और 13 बल्क डिपो कार्यरत हैं, जहां पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। पाइपलाइन और रेलवे के जरिए ईंधन की आपूर्ति लगातार जारी है। वर्तमान में रोजाना 8000 किलोलीटर पेट्रोल और 16000 किलोलीटर डीजल की सप्लाई हो रही है, जो पहले के मुकाबले अधिक है।
अफवाहों से बचें, पैनिक बाइंग की जरूरत नहीं
कंपनियों ने स्पष्ट किया कि देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और स्टॉक पूरी तरह भरा हुआ है। अंत में जनता से अपील की गई कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। जून तक मिशन मोड में सप्लाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
sanjay patidar 
