सीएम करेंगे राज्य स्तरीय फूल उत्पादन प्रदर्शनी का शुभारंभ, 100 से अधिक किस्मों के फूल होंगे प्रदर्शित

मध्य प्रदेश सरकार 30 जनवरी को भोपाल में राज्य स्तरीय फूल उत्पादन प्रदर्शनी आयोजित कर फूल खेती को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने और इसे मजबूत उद्योग बनाने की पहल कर रही है।

सीएम करेंगे राज्य स्तरीय फूल उत्पादन प्रदर्शनी का शुभारंभ, 100 से अधिक किस्मों के फूल होंगे प्रदर्शित

भोपाल:मध्य प्रदेश सरकार ने इस वर्ष को कृषि वर्ष घोषित किया है और इसी क्रम में राज्य में फूल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ी पहल की जा रही है।सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि 30 जनवरी को भोपाल के प्रसिद्ध गुलाब उद्यान में राज्य स्तरीय फूल उत्पादन प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस भव्य प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे।

100 से अधिक किस्मों के फूलों का होगा प्रदर्शन 

प्रदर्शनी में पूरे प्रदेश से फूल उत्पादक किसान भाग लेंगे और 100 से अधिक किस्मों के फूलों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर कृषि विशेषज्ञ किसानों को फूल उत्पादन बढ़ाने और आधुनिक तकनीकों पर मार्गदर्शन भी देंगे।

गुलाब ने देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई-नारायण सिंह कुशवाह 

मंत्री ने बताया कि उज्जैन के आसपास 100 हेक्टेयर क्षेत्र में फूल क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के गुलाब ने देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है और फूल उत्पादन के क्षेत्र में प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है।
सरकार का उद्देश्य इस प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाना और फूल उत्पादन को एक सशक्त उद्योग के रूप में विकसित करना है।