दतिया में दिनदहाड़े बीजेपी पार्षद की गोली मारकर हत्या

दतिया में दिनदहाड़े बीजेपी पार्षद कल्लू कुशवाहा की गोली मारकर हत्या, ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला पूरा इलाका

दतिया में दिनदहाड़े बीजेपी पार्षद की गोली मारकर हत्या

दतिया: MP के दतिया में दिनदहाड़े हत्या से सनसनी फैल गई है। हत्या बीजेपी पार्षद कल्लू कुशवाहा की हुई है। 31 मार्च की सुबह सेवढ़ा चुंगी चौराहे पर वार्ड नंबर-एक के पार्षद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सुबह साढ़े आठ बजे की है। इसके बाद मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

हमलावरों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कल्लू कुशवाहा रोजाना की तरह सुबह चौराहे पर मौजूद थे। तभी अचानक हमलावर वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वे मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

इलाके में स्थिति है तनावपूर्ण

घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही दतिया जिले की कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

आपसी रंजिश में हत्या की आशंका

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मृतक बीजेपी पार्षद कल्लू कुशवाहा पर पहले भी हत्या का मामला दर्ज था और उन्हें आजीवन कारावास की सजा हुई थी। वे करीब चार महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आए थे। ऐसे में पुलिस पुराने विवादों और आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है। शहर के बीचों-बीच दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले के सीनियर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है।