तमिलनाडु में विजय ने पेश किया सरकार बनाने का दावा, 9 मई को बंगाल में बीजेपी सरकार की शपथ
पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग ने नई विधानसभा के गठन के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया। कांग्रेस ने तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए विजय की पार्टी TVK को समर्थन दिया।
देश के दो प्रमुख राज्यों में विधानसभा चुनाव के बाद राजनीतिक गतिविधियां अपने निर्णायक चरण में पहुंच गई हैं। जहां तमिलनाडु में विजय ने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है।
वहीं, पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के शपथ समारोह तारीख तय हो गई है। 9 मई को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में सुबह 10 बजे नई सरकार का राजतिलक होगा। प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने बताया कि 8 मई को विधायक दल की बैठक होगी।
विजय को बहुमत के लिए चाहिए 11 विधायक
बुधवार को तमिलनाडु में TVK चीफ विजय ने लोकभवन में राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। इससे पहले AIADMK और कांग्रेस दोनों में TVK को समर्थन देने की होड़ सी दिखी। हालांकि, दोपहर एक बजे कांग्रेस नेता खुद TVK के दफ्तर पहुंचे और अपना समर्थन पत्र सौंपा। वहीं, दूसरी ओर TVK ने अपने सभी नवनिर्वाचित विधायकों को महाबलीपुरम के चेंगलपट्टू स्थित फोर पॉइंट्स नाम के रिसॉर्ट में शिफ्ट कर दिया है।

दरअसल, 234 सदस्यीय विधानसभा में TVK की 108 सीटें हैं, लेकिन विजय दो ने सीटों पर चुनाव लड़ा और जीते भी हैं। इसलिए उन्हें एक सीट छोड़नी पड़ेगी, जिस वजह से पार्टी के पास 107 सीट रह जाएगी। कुल सीटें 233 होने पर भी बहुमत का आंकड़ा 118 ही रहेगा, इसलिए TVK को 11 और विधायक चाहिए। फिलहाल, TVK को कांग्रेस के 5 विधायकों का समर्थन मिला है। अब कौन-कौन सी पार्टी उन्हें समर्थन देंगी यह साफ नहीं है।
बंगाल में चुनाव के बाद हिंसा, अब तक 4 की मौत
फिलहाल, ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के आवास से अतिरिक्त पुलिस सुरक्षा हटा दी गई। हालांकि उन्हें पहले की तरह Z-कैटेगरी सुरक्षा मिलती रहेगी। बता दें, बंगाल में 4 मई को रिजल्ट के बाद से हिंसा शुरू हो गई। पिछले 24 घंटों में 4 लोगों की हत्या हुई है, इनमें भाजपा और TMC के 2-2 कार्यकर्ता हैं।
पश्चिम बंगाल: नई विधानसभा गठन की प्रक्रिया पूरी
पश्चिम बंगाल में चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद भारतीय निर्वाचन आयोग ने नई विधानसभा के गठन के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। यह अधिसूचना राज्यपाल को भेज दी गई है, जिसके साथ ही चुनाव आयोग की ओर से संवैधानिक प्रक्रिया पूरी मानी जा रही है।

चुनाव आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नई विधानसभा के गठन की अधिसूचना जारी करना एक महत्वपूर्ण संवैधानिक कदम होता है। इसके बाद अब राज्य में नई सरकार के गठन और विधायकों के शपथ ग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी।
9 मई को शपथ ग्रहण, ममता का इस्तीफे से इनकार
पश्चिम बंगाल में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को आयोजित किया जा सकता है। यह दिन खास भी है क्योंकि इसी दिन महान कवि और नोबेल पुरस्कार विजेता रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती होती है। हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 207 सीटों पर जीत हासिल की है, जो दो-तिहाई बहुमत से भी अधिक है। वहीं सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को करारा झटका लगा है और वह महज 80 सीटों पर सिमट गई है।

चुनाव परिणामों के बाद ममता बनर्जी ने हार स्वीकार करने के बावजूद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने से इनकार कर दिया है। उन्होंने मतगणना प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनाव में गड़बड़ी हुई है। ममता बनर्जी का कहना है कि यह जनादेश नहीं बल्कि साजिश का परिणाम है। उनके इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में तनाव और बढ़ गया है और आने वाले दिनों में राजनीतिक टकराव की स्थिति बनी रह सकती है।
तमिलनाडु: राहुल गांधी का 'हाथ' विजय के साथ
दूसरी ओर तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के नतीजों ने राज्य की पारंपरिक राजनीति को झकझोर दिया है। अभिनेता-राजनेता विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम ने 108 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरते हुए सभी को चौंका दिया है। हालांकि, 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है, ऐसे में TVK को सरकार बनाने के लिए अभी 10 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता है।

तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने बड़ा फैसला लेते हुए TVK को समर्थन देने का संकेत दिया है। पार्टी की एक अहम बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया गया, जिसके बाद दोनों दलों के बीच गठबंधन लगभग तय माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस जल्द ही समर्थन का औपचारिक पत्र जारी कर सकती है। इसके बाद कांग्रेस विधायक विजय से मुलाकात कर आगे की रणनीति तय करेंगे।
Varsha Shrivastava 
