अजाक्स की प्रदेश स्तरीय बैठक संपन्न, डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती की तैयारियों पर चर्चा
अजाक्स की प्रदेश स्तरीय बैठक में अंबेडकर जयंती की तैयारियों पर चर्चा हुई। इसी दौरान चौधरी मुकेश मौर्य ने प्रांतीय अध्यक्ष का पदभार संभालते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
भोपाल:अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स) के तत्वाधान में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर प्रादेशिक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक राजधानी के अजाक्स भवन में संपन्न हुई, जिसमें संगठन के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अंबेडकर जयंती को भव्य बनाने पर जोर
बैठक में आगामी डॉ.भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह को भव्य रूप से मनाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान सामाजिक एकता, जागरूकता और संगठन को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।
चौधरी मुकेश मौर्य ने पदभार ग्रहण किया
वहीं, आज अजाक्स के प्रांतीय अध्यक्ष के रूप में चौधरी मुकेश मौर्य ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के बाद उन्होंने संगठन को और अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि डॉ.भीमराव अंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता रहेगी।

अजाक्स से जुड़ने का आह्वान, समस्याएं सरकार तक पहुंचाने का भरोसा
प्रांताध्यक्ष चौधरी मुकेश मौर्य ने कहा कि आज प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती को लेकर चर्चा की गई। 14 अप्रैल को मनाए जाने वाले इस अवसर को भव्य रूप देने और पूरे मध्य प्रदेश में सकारात्मक संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से आगे की रणनीति पर विचार किया। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से अजाक्स संगठन से जुड़ने का आह्वान करते हुए आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तक पहुंचाया जाएगा।
sanjay patidar 
