राहुल गांधी के इंदौर दौरे की तैयारी तेज: युवाओं ने बनवाया टैटू, Gen Z कनेक्ट के लिए गीत-संगीत और डांस

 Rahul Gandhi's 'Chhatron ki Goonj' event : इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियां तेज हैं। युवाओं को जोड़ने के लिए गीत-संगीत, डांस और कॉलेज कनेक्ट कार्यक्रम किए जा रहे हैं। वहीं, 20 से ज्यादा आदिवासी युवाओं ने राहुल गांधी के नाम और तस्वीर वाले टैटू बनवाए हैं। कार्यक्रम की सफलता के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हवन-पूजन भी किया।

राहुल गांधी के इंदौर दौरे की तैयारी तेज: युवाओं ने बनवाया टैटू, Gen Z कनेक्ट के लिए गीत-संगीत और डांस

 Rahul Gandhi's 'Chhatron ki Goonj' event :  इंदौर में 19 सितंबर को राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम प्रस्तावित है। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आ रहा है। संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। युवाओं को जोड़ने के लिए गीत-संगीत, डांस और कॉलेज कनेक्ट जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं, कुछ युवाओं ने राहुल गांधी के नाम और तस्वीर से जुड़े टैटू भी बनवाए हैं।

आदिवासी युवाओं ने बनवाया राहुल गांधी का टैटू

कार्यक्रम को लेकर 20 से ज्यादा आदिवासी युवा टैटू बनवाने पहुंचे। उन्होंने अपने हाथों पर राहुल गांधी के नाम और तस्वीर से जुड़े टैटू बनवाए। यह आयोजन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी शिवी चौहान और यूथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष निखिल वर्मा के नेतृत्व में किया गया।

युवाओं का कहना है कि वे 19 सितंबर को कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी के सामने पहुंचकर टैटू के जरिए उन्हें सरप्राइज देना चाहते हैं।

जींस-टीशर्ट में छात्रों के बीच पहुंचे कांग्रेस नेता

Gen Z तक पहुंच बनाने के लिए कांग्रेस पारंपरिक राजनीतिक आयोजनों से अलग गीत-संगीत, डांस और कॉलेज कनेक्ट के जरिए छात्रों को जोड़ने की कोशिश कर रही है। इंदौर के भंवरकुआं इलाके में युवाओं के बीच गीत-संगीत और डांस के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी कड़ी में कांग्रेस जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े IIST कॉलेज पहुंचे। उन्होंने छात्रों से बातचीत की और गिटार पर गीत भी गाए। इस दौरान उन्होंने छात्रों से राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। वहीं, कांग्रेस शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे भी कुर्ता-पायजामा के बजाय जींस और टी-शर्ट में छात्रों और युवाओं के बीच पहुंच रहे हैं।

कार्यक्रम की सफलता के लिए हवन-पूजन

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को राजवाड़ा स्थित हनुमान मंदिर में हवन-पूजन किया। कार्यकर्ताओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर हवन में आहुतियां दीं। इसके बाद सभी ने एक साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया।

कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने 19 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम के सफल आयोजन की कामना की। कार्यक्रम को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां लगातार जारी हैं।