यूरिया न मिलने से किसानों का हंगामा, ई-टोकन से नहीं हो पा रही बुकिंग
रीवा में सर्वर खराब होने से ई-टोकन पर यूरिया बुक नहीं हो सकी, जिससे नाराज किसानों ने हंगामा किया। अधिकारियों की समझाइश के बाद हालत संभली और 30 जनवरी से खाद वितरण शुरू होगा।
रीवा जिले में समय पर यूरिया खाद नहीं मिलने से किसान काफी परेशान हैं। कई खरीदी केंद्रों पर हालात ऐसे बन गए कि ई-टोकन मिलने के बाद भी किसानों को खाद नहीं मिल पाई। इससे नाराज होकर किसानों ने धरना-प्रदर्शन और हंगामा शुरू कर दिया।
उमरी वितरण केंद्र में ई-टोकन से खाद बुक न होने पर किसानों ने जमकर विरोध किया। गुस्साए किसानों ने सड़क पर जाम भी लगा दिया, जिससे काफी देर तक आवागमन बाधित रहा। जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाइश दी। शुरुआत में किसान नहीं माने, लेकिन जब उन्हें सर्वर खराब होने की वजह बताई गई तब जा कर मामला शांत हो पाया।
सर्वर खराब होने से बनी समस्या
जानकारी के मुताबिक, यूरिया का वितरण ऑफलाइन और ई-टोकन दोनों तरीकों से किया जा रहा था। लेकिन सर्वर डाउन होने की वजह से ई-टोकन से बुकिंग नहीं हो पा रही थी। रिटेलर की आईडी नहीं दिखने के कारण किसानों को दिक्कत हुई। इसी बात से नाराज होकर किसान उमरी केंद्र पहुंचे और हंगामा किया। बाद में दोपहर 12 बजे सर्वर चालू हुआ, तब जाकर ई-टोकन से बुकिंग हो पाई।
मौके पर पहुंचे सिरमौर एसडीओपी उमेश प्रजापति और तहसीलदार अनुपम पांडेय ने किसानों को समझाया और व्यवस्था संभाली, जिसके बाद जाम खुलवाया गया।
30 जनवरी से शुरू होगा खाद का वितरण
प्रशासन ने 27 से 29 जनवरी तक के लिए किसानों को टोकन बांटे हैं। अब 30 जनवरी से 1 फरवरी तक के लिए नए टोकन दिए जाएंगे। उमरी केंद्र से रोज करीब 300 किसानों को यूरिया देने की व्यवस्था की जा रही है।
जिले को मिला साढ़े तीन रैक यूरिया
पिछले तीन दिनों में रीवा रैक प्वाइंट पर यूरिया की 3 रैक पहुंची हैं और एक आधी रैक देर रात आई। कुल मिलाकर जिले को करीब 3500 मीट्रिक टन यूरिया मिला है। इसमें से 1800 मीट्रिक टन जिला विपणन संघ को और 1700 मीट्रिक टन सेवा सहकारी समितियों को दी गई है।
अभी जिले में यूरिया की स्थिति पहले से बेहतर हुई है और किसानों की परेशानी कुछ हद तक कम होने की उम्मीद है।
Saba Rasool 
