सिंगरौली में 91 किलो गांजा और 93 लीटर शराब जब्त, 2 गिरफ्तार
सिंगरौली के मकरोहर में पुलिस ने 91 किलो 790 ग्राम गांजा, 93 लीटर अवैध शराब और दो कारें जब्त कीं। मामले में दो आरोपी गिरफ्तार और दो फरार हैं।
सिंगरौली। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मकरोहर क्षेत्र में संयुक्त पुलिस टीम ने दबिश देकर 91 किलो 790 ग्राम गांजा, 93 लीटर अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल दो कारें जब्त की हैं। जब्त किए गए गांजा, शराब और वाहनों की कुल कीमत 24 लाख 86 हजार 910 रुपये बताई गई है। मामले में चार आरोपियों की भूमिका सामने आई है, जिनमें दो को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं।
मकरोहर में सूचना के बाद पुलिस ने दी दबिश
पुलिस के मुताबिक, मकरोहर क्षेत्र में बड़ी मात्रा में गांजा और अवैध शराब के भंडारण और बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के निर्देश पर संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई की। टीम ने संबंधित ठिकानों पर दबिश देकर 91 किलो 790 ग्राम गांजा बरामद किया। इसकी अनुमानित कीमत 18 लाख 35 हजार 800 रुपये बताई गई है।
इसके अलावा पुलिस ने 93 लीटर अवैध शराब भी जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 51 हजार 110 रुपये आंकी गई है।
तस्करी में इस्तेमाल दो कारें भी जब्त
पुलिस ने गांजा और शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही होंडा कार क्रमांक WB06A5526 और टाटा कार क्रमांक UP64U7303 भी जब्त की हैं। दोनों वाहनों की कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है। गांजा, शराब और दोनों वाहनों को मिलाकर पुलिस ने कुल 24 लाख 86 हजार 910 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
दो गिरफ्तार, दो आरोपी फरार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भूपेन्द्र सिंह, पिता किशुन सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम मकरोहर और सुशील सिंह, पिता राज रावण सिंह, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम मकरोहर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में कुल चार आरोपियों की भूमिका सामने आई है। इनमें दो आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि दो अभी फरार हैं। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
एसपी ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी
कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बरामद गांजा, शराब और वाहनों के संबंध में की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली।
एसपी ने अधिकारियों को मामले की जांच में नशे के स्रोत, इसे लाने-ले जाने के तरीके और सप्लाई से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं, ताकि पूरे नेटवर्क तक पहुंचा जा सके।
Anubhav Dubey 
