PM आवास योजना में गड़बड़ी का खुलासा, ग्वालियर में तत्कालीन सीएमओ समेत 2 पर EOW की FIR

ग्वालियर में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत बड़े स्तर पर गड़बड़ी का मामला सामने आया है।

PM आवास योजना में गड़बड़ी का खुलासा, ग्वालियर में तत्कालीन सीएमओ समेत 2 पर EOW की FIR

ग्वालियर में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत बड़े स्तर पर गड़बड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने नगर पालिका डबरा के तत्कालीन सीएमओ और एक संविदा कर्मचारी के खिलाफ FIR दर्ज की है। आरोप है कि हितग्राहियों के खातों में निर्धारित राशि से अधिक अनुदान डालकर शासन को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाई गई।

शिकायत के अनुसार, वार्ड क्रमांक-11 निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक, EOW ग्वालियर को आवेदन देकर इस पूरे मामले का खुलासा किया। जांच में पाया गया कि 1 अप्रैल 2023 से 30 अप्रैल 2024 के बीच प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रत्येक हितग्राही को 2.50 लाख रुपये दिए जाने थे, लेकिन नियमों को दरकिनार करते हुए कई हितग्राहियों के खातों में 3 लाख रुपये तक की राशि ट्रांसफर कर दी गई।

EOW की जांच में यह भी सामने आया कि बिना जियो टैगिंग और बिना आवश्यक नोटशीट प्रक्रिया के ही सीधे पीएफएमएस (PFMS) के माध्यम से भुगतान कर दिया गया। यह पूरी प्रक्रिया नियमों के विरुद्ध थी, जिससे शासन को करीब 1 करोड़ 31 लाख 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ। मामले में तत्कालीन सीएमओ प्रदीप भदौरिया और संविदा कर्मचारी राहुल गुप्ता की भूमिका संदिग्ध पाई गई है।

आरोप है कि दोनों ने मिलकर नियमों की अनदेखी करते हुए अधिक राशि का भुगतान किया और दस्तावेजी प्रक्रिया को भी नजरअंदाज किया। EOW ने इस मामले में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत IPC की धारा 409, 120B और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और आगे और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।