अब छत्तीसगढ़ को मेट्रो की सौगात, DPR के लिए 5 करोड़ मंजूर, रायपुर से दुर्ग तक दौड़ेगी मेट्रो

राज्य सरकार ने राजधानी रायपुर और दुर्ग के बीच मेट्रो रेल सेवा शुरू करने की योजना को मंजूरी दे दी है। इसके लिए DPR (Detailed Project Report) तैयार करने के लिए 5 करोड़ रुपए का फंड भी मंजूर किया है।

अब छत्तीसगढ़ को मेट्रो की सौगात, DPR के लिए 5 करोड़ मंजूर, रायपुर से दुर्ग तक दौड़ेगी मेट्रो

रायपुर: छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने राजधानी रायपुर और दुर्ग के बीच मेट्रो रेल सेवा शुरू करने की योजना को मंजूरी दे दी है। इसके लिए DPR (Detailed Project Report) तैयार करने के लिए 5 करोड़ रुपए का फंड भी मंजूर किया है।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि रायपुर, दुर्ग, भिलाई और नवा रायपुर को मिलाकर स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस पूरे क्षेत्र में मेट्रो कनेक्टिविटी दी जाएगी, जिससे राजधानी क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।

सरकार का कहना है कि 2031 तक रायपुर क्षेत्र की आबादी 50 लाख से अधिक हो सकती है। ऐसे में मेट्रो प्रोजेक्ट आने वाले समय में राजधानी क्षेत्र के यातायात और जनजीवन में सुधार के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। छत्तीसगढ़ विधानसभा में राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण विधेयक-2025 के पारित होने के बाद विकास परियोजनाओं को और तेज गति मिलने वाली है। मेट्रो प्रोजेक्ट को इसी बड़े विजन का हिस्सा माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में SCR विकास प्राधिकरण का कामकाज होगा। इसमें मंत्री, मुख्य सचिव, विभागीय सचिव, विधायक और निर्वाचित जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। रायपुर-दुर्ग मेट्रो के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच यात्रा का एक नया, तेज और सुरक्षित विकल्प तैयार होगा।

यह मेट्रो प्रोजेक्ट सिर्फ परिवहन सुधार तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे राजधानी क्षेत्र को स्मार्ट और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।