भोपाल के सायाजी होटल के स्टोर रूम में लगी आग

आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और फायर ब्रिगेड की मदद से करीब एक घंटे में काबू पा लिया गया, किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

भोपाल के सायाजी होटल के स्टोर रूम में लगी आग
GOOGLE

भोपाल में स्थित सायाजी होटल के स्टोर रूम में 22 दिसंबर को भीषण आग लग गई। आग से स्टोर रूम में रखा टेंट का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। किसी के घायल होने की खबर नहीं है। फायर ब्रिगेड की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

सैर सपाटा के सामने स्थित सायाजी होटल में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। होटल के स्टाफ ने बताया कि होटल का जनरेटर चालू था। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट हुआ जिससे स्टोर रूम में आग लग गई। स्टोर रूम में टेंट और चादर रखी थी, जिससे आग और बढ़ गई और देखते ही देखते पूरे कमरे में फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी, नगर निगम और पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया।