MP Heatwave Alert: अप्रैल की रिकॉर्ड तोड़ गर्मी, खजुराहो 45°C पार, 13 जिलों में लू का अलर्ट
मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर। कई शहरों में पारा 45 डिग्री के करीब। भोपाल-इंदौर में टूटा सालों का रिकॉर्ड। उज्जैन समेत कई जिलों में वॉर्म नाइट का अलर्ट।
मध्य प्रदेश में इस साल अप्रैल महीने की गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। प्रदेश के कई शहरों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। रविवार को आंधी और हल्की बारिश के बावजूद भीषण गर्मी का असर कम नहीं हुआ। खजुराहो में पहली बार तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक दर्ज तापमान है।
कई शहरों में 44 डिग्री के पार पहुंचा पारा
खजुराहो के बाद नौगांव में 44.6 डिग्री, सागर और नर्मदापुरम में 44.4 डिग्री, दमोह में 44.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं श्योपुर, मंडला, दतिया और टीकमगढ़ में पारा 44 डिग्री तक पहुंचा। शाजापुर में 43.7 डिग्री, रायसेन, सतना, रतलाम और गुना में 43.6 डिग्री, रीवा और मलाजखंड में 43.5 डिग्री, सीधी में 43.4 डिग्री और बैतूल में 43 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बड़े शहरों में भी टूटा गर्मी का रिकॉर्ड
प्रदेश के प्रमुख शहरों में भी गर्मी का असर साफ देखने को मिला। भोपाल और इंदौर में तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि जबलपुर में 43.5 डिग्री, ग्वालियर में 42.9 डिग्री और उज्जैन में 42.5 डिग्री दर्ज किया गया। इंदौर में यह तापमान पिछले 6 वर्षों में सबसे अधिक है, जबकि भोपाल और जबलपुर में 3 साल बाद इतनी तेज गर्मी पड़ी है।
13 जिलों में लू और वॉर्म नाइट का अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के 13 जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। इनमें इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार, शाजापुर, देवास, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, मंडला, सिवनी, बालाघाट और छिंदवाड़ा शामिल हैं। इसके अलावा इंदौर और उज्जैन में वॉर्म नाइट का भी अलर्ट जारी किया गया है, यानी यहां रात के समय भी तापमान सामान्य से अधिक रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।
कुछ जिलों में बारिश और आंधी की संभावना
जहां एक ओर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं कुछ जिलों में मौसम बदलने के संकेत भी हैं। श्योपुर, मुरैना, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इससे स्थानीय स्तर पर तापमान में हल्की गिरावट संभव है, लेकिन उमस बढ़ने की भी संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के मध्य हिस्से में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है, जिसके कारण कुछ इलाकों में आंधी और बारिश हो रही है। इसके साथ ही एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस भी सक्रिय होने वाला है, जिसका असर अगले तीन दिनों तक देखने को मिल सकता है। हालांकि इसके बावजूद गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
Varsha Shrivastava 
