Run for Master Plan : मास्टर प्लान लागू कराने के लिए दौड़े भोपालवासी, MLA मसूद बोले- दोहरी नीति नहीं चलेगी...

Run for Bhopal Master Plan : कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने बुधवार को भोपाल का मास्टर प्लान जल्द लागू करने की मांग को लेकर ‘रन-4 मास्टर प्लान’ दौड़ आयोजित की।

Run for Master Plan : मास्टर प्लान लागू कराने के लिए दौड़े भोपालवासी, MLA मसूद बोले- दोहरी नीति नहीं चलेगी...

Run for Bhopal Master Plan : मध्य प्रदेश भोपाल में मास्टर प्लान जल्द लागू करने की मांग को लेकर बुधवार को ‘रन फॉर मास्टर प्लान’ का आयोजन किया गया। कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद के नेतृत्व में हुई इस दौड़ में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, छात्र और व्यापारी शामिल हुए। भोपाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष गोविंद गोयल समेत शहर के अलग-अलग वर्गों के लोग भी दौड़ में शामिल हुए। कार्यक्रम 11 नंबर स्टॉप से शुरू होकर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा के पास पहुंचा और हबीबगंज थाना क्षेत्र में इसका समापन हुआ।

‘दो दशक से अटका है भोपाल का मास्टर प्लान’

विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि भोपाल का मास्टर प्लान करीब दो दशक से लंबित है। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान लागू नहीं होने से शहर के विकास और जमीन के इस्तेमाल को लेकर लोगों को परेशानी हो रही है।

मसूद ने सरकार पर दोहरी नीति अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब उज्जैन का मास्टर प्लान लागू हो सकता है तो भोपाल का प्लान क्यों अटका हुआ है। उन्होंने सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग की।

सीलिंग कार्रवाई रोकने की भी मांग

विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि मास्टर प्लान के अभाव में व्यापारी और आम लोग कई तरह की समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने भोपाल में चल रही सीलिंग कार्रवाई का भी मुद्दा उठाया। MLA मसूद का कहना है कि पुराने नियमों और अदालत के आदेशों के बीच लोगों में जमीन और निर्माण को लेकर असमंजस बना हुआ है। उन्होंने सरकार से स्पष्ट नीति बनाकर लोगों को राहत देने की मांग की।

स्पाइडर-मैन मास्क पहनकर पहुंचा युवक

दौड़ में एक युवक स्पाइडर-मैन का मास्क पहनकर भी शामिल हुआ। उसने अपना नाम स्पीडी बताया। युवक ने कहा कि भोपाल के भविष्य के लिए मास्टर प्लान जरूरी है। उसके मुताबिक, योजना लागू नहीं होने से ट्रैफिक और शहर के विकास से जुड़ी समस्याएं बढ़ रही हैं। उसने मास्टर प्लान जल्द लागू करने की मांग की।

अरेरा कॉलोनी की सड़कों की मरम्मत की मांग

आरिफ मसूद ने अरेरा कॉलोनी और आई-2 से आई-8 क्षेत्र में खोदी गई सड़कों की जल्द मरम्मत कराने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि सीवेज और अन्य निर्माण कार्यों के कारण सड़कें खराब हैं। गड्ढों से लोगों को परेशानी हो रही है। मसूद ने कहा कि सड़क का श्रेय किसी को भी मिले, लेकिन काम जल्द शुरू होना चाहिए।