MP Budget- 2026: पहली बार पेश होगा रोलिंग बजट, 50 हजार नौकरियां, 35 लाख का हेल्थ इंश्योरेंस
मध्य प्रदेश बजट 2026 में युवाओं के लिए 50 हजार नौकरियां, कर्मचारियों को 35 लाख तक का हेल्थ इंश्योरेंस और किसानों के लिए बड़े ऐलान संभव हैं। मोहन यादव सरकार पहली बार रोलिंग बजट पेश करेगी, जिसमें तीन साल का वित्तीय रोडमैप शामिल होगा।
मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 16 फरवरी से 6 मार्च तक चलेगा, जिसमें Mohan Yadav सरकार पहली बार रोलिंग बजट का कॉन्सेप्ट पेश करेगी। इस बजट में अगले तीन सालों का वित्तीय रोडमैप सामने रखा जाएगा।
इस बजट में सरकार युवाओं, किसानों और कर्मचारियों पर खास फोकस कर रही है। बजट में 50 हजार नई सरकारी नौकरियों की घोषणा संभव है। ये भर्तियां MPPSC और कर्मचारी चयन मंडल के जरिए की जाएंगी।
35 लाख का हेल्थ इंश्योरेंस
राज्य के करीब 10 लाख कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए 35 लाख रुपए तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा योजना लाई जा सकती है। इसमें गंभीर बीमारियों जैसे कैंसर, हार्ट डिजीज और अंग प्रत्यारोपण का इलाज शामिल होगा। कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य सरकारी और निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज करा सकेंगे।
किसानों के लिए बड़े ऐलान
सरकार ने 2026 को कृषक कल्याण वर्ष घोषित किया है। हर जिले में फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने, सिंचाई क्षमता बढ़ाने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की योजना है। कृषि बजट 70 हजार करोड़ रुपए तक पहुंच सकता है।
‘सहकार टैक्सी’ से ओला-उबर को टक्कर
शहरी परिवहन के लिए सहकार टैक्सी सेवा शुरू की जा सकती है। यह सहकारी मॉडल पर आधारित होगी, जिससे यात्रियों को सस्ती राइड और ड्राइवरों को ज्यादा कमाई मिलेगी। शुरुआत भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर से हो सकती है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास पर जोर
सरकार कैपिटल एक्सपेंडिचर को 90 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा करने की तैयारी में है। सड़क, पुल, अस्पताल, शिक्षा और नवीकरणीय ऊर्जा सेक्टर पर बड़े निवेश की योजना है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
DRASHTI JAIN 
