कोर्ट कैम्पस में यातायात प्रभारी की धमकी से भड़के वकील, कामकाज ठप

रीवा कोर्ट में यातायात प्रभारी ने वकीलों को धमकी दी जिस वजह से वकील नाराज हो गए, हड़ताल पर चले गए और कोर्ट का कामकाज बंद हो गया।

कोर्ट कैम्पस में यातायात प्रभारी की धमकी से भड़के वकील, कामकाज ठप

दोपहर करीब 2 बजे, लंच के समय यातायात प्रभारी एनीमा शर्मा की गाड़ी कोर्ट कैम्पस के अंदर आ गई। वकीलों का कहना है की इसके बाद एनीमा शर्मा मुनादी करने लगी और वकीलों को धमकाने लगी कि जिनकी भी गाड़ियां कैम्पस में खड़ी हैं, वे तुरंत हटा लें। वकीलों का कहना है कि उस समय परिसर पूरी तरह खाली था, कहीं भी जाम या परेशानी नहीं थी। 

इसके बावजूद यातायात प्रभारी ने वकीलों का नाम लेकर धमकी दी, जिससे माहौल बिगड़ गया। इस घटना से नाराज होकर सभी वकील हड़ताल पर चले गए। वकीलों का कहना है कि कोर्ट परिसर में न तो बैठने की ठीक व्यवस्था है, न गाड़ी खड़ी करने की और न ही पीने के पानी की।

गर्मी का मौसम आने वाला है, ऐसे में परेशानी और बढ़ेगी। वकीलों ने कहा कि जब गाड़ी खड़ी करने की पर्याप्त जगह है तो फिर उन्हें जबरदस्ती क्यों हटाया जा रहा है। 

अधिकारी पर कार्रवाई की मांग

वकीलों ने सवाल उठाया है कि यातायात प्रभारी कोर्ट परिसर में किसके आदेश पर आई थी, और किसके कहने पर वकीलों को धमकी दी गई। जब तक इस मामले में अधिकारी पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक वकील आंदोलन पर रहेंगे।

गुस्साए वकीलों ने न्यायालय के गेट बंद कर दिए हैं और साफ कह दिया है कि कार्रवाई होने तक कोर्ट में कोई भी कामकाज नहीं होगा। वकीलों ने यह भी कहा है कि वे किसी को अंदर जाने नहीं देंगे और सभी वकील वहीं डटे रहेंगे। इस हड़ताल के कारण पूरी तरह से न्यायिक कामकाज ठप हो गया है।