पदोन्नति और सेकंड काउंसलिंग की मांग को लेकर वेटिंग अभ्यर्थियों का भोपाल में प्रदर्शन

उच्च माध्यमिक वर्ग-1 शिक्षक भर्ती 2023 के वेटिंग अभ्यर्थियों ने पद वृद्धि और द्वितीय काउंसलिंग की मांग को लेकर भोपाल में प्रदर्शन करते हुए सरकार को शीघ्र निर्णय नहीं लेने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

पदोन्नति और सेकंड काउंसलिंग की मांग को लेकर वेटिंग अभ्यर्थियों का भोपाल में  प्रदर्शन

भोपाल: उच्च माध्यमिक वर्ग-1 शिक्षक भर्ती 2023 में वेटिंग सूची में शामिल अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर राजधानी भोपाल की सड़कों  पर अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की शुरुआत हनुमान चालीसा के पाठ और हवन के साथ की गई। सैकड़ों की संख्या में वेटिंग शिक्षक भोपाल पहुंचे और सरकार के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से अपनी नाराजगी जाहिर की.वेटिंग अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में उपलब्ध पदों की तुलना में वेटिंग सूची में शामिल उम्मीदवारों की संख्या अधिक है, इसके बावजूद सरकार द्वारा पद वृद्धि और सेकंड काउंसलिंग को लेकर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

भोपाल में वेटिंग शिक्षकों का प्रदर्शन,रानी कमलापति स्टेशन से पैदल मार्च

अभ्यर्थियों ने मांग की कि जल्द से जल्द पद बढ़ाकर वेटिंग सूची को क्लियर किया जाए। वेटिंग शिक्षक रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से पैदल मार्च करते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मुख्यमंत्री निवास तक पहुंचे। इस दौरान अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने की तैयारी की और सरकार से शीघ्र नियुक्ति की मांग की, ताकि वे अपने और अपने बच्चों के भविष्य को सुरक्षित कर सकें।

द्वितीय काउंसलिंग और पद वृद्धि की मांग

उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती वर्ग-1 वर्ष 2023 में चयन परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके वेटिंग अभ्यर्थियों ने शिक्षा विभाग से द्वितीय काउंसलिंग कर स्वीकृत पदों के अनुरूप पद वृद्धि की मांग की है। अभ्यर्थियों का कहना है कि यह भर्ती प्रक्रिया छह वर्षों के लंबे अंतराल के बाद आयोजित की गई, जिसमें पहली बार पात्रता परीक्षा के बाद चयन परीक्षा ली गई, बावजूद इसके अच्छे अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को मात्र 2901 पदों पर ही नियुक्ति मिली। राजपत्र में उपलब्ध जानकारी के अनुसार वित्त विभाग द्वारा स्कूल शिक्षा विभाग में 48,223 तथा जनजातीय कार्य विभाग में 10,501 पद स्वीकृत हैं.

2023 भर्ती में केवल 2901 पदों पर नियुक्ति

जबकि वर्ष 2023 की भर्ती में कुल 8720 पदों में से केवल भर्ती सिर्फ 2901 पद पर ही हुई है.इस वजह से वे वेटिंग लिस्ट में आ गए हैं।अभ्यर्थियों ने बताया कि पूर्व में वर्ष 2011 और 2018 की भर्तियों में कई चरणों में काउंसलिंग कर पदों की संख्या बढ़ाई गई थी। वेटिंग अभ्यर्थियों ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि प्रदेश में शिक्षकों की भारी कमी, ग्रामीण व वंचित वर्ग के विद्यार्थियों के हित और वेटिंग सूची में शामिल योग्य अभ्यर्थियों की स्थिति को देखते हुए जल्द से जल्द राजपत्र में स्वीकृत पदों के अनुसार द्वितीय काउंसलिंग आयोजित की जाए, ताकि वेटिंग सूची समाप्त हो सके और प्रदेश को पर्याप्त योग्य शिक्षक मिल सकें।

वेटिंग शिक्षकों की सरकार को चेतावनी

प्रदर्शन के दौरान वेटिंग शिक्षकों ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने मेहनत और लगन से पढ़ाई कर अच्छे अंक हासिल किए हैं, इसके बावजूद लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार करना उनके लिए मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान करने वाला है।