BSNL Bribe Case : MP में CBI की बड़ी कार्रवाई, BSNL के दो सीनियर इंजीनियर रिश्वत लेते ट्रैप

BSNL Bribe Case : आरोप है कि दोनों ने जबलपुर की एक फर्म के लंबित बिलों को क्लियर करने के बदले 2-2 लाख रुपए मांगे थे। सीबीआई ने 27 अगस्त को केस दर्ज कर ट्रैप किया।

BSNL Bribe Case : MP में CBI की बड़ी कार्रवाई, BSNL के दो सीनियर इंजीनियर रिश्वत लेते ट्रैप

BSNL Bribe Case :  मध्य प्रदेश। सीबीआई ने BSNL के दो क्लास-1 अधिकारियों को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। भोपाल के दोनों अधिकारियों को 75-75 हजार रुपए लेते पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में चीफ इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) अविनाश शुक्ला और सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) बीबी चक्रपाणि शामिल हैं। दोनों पर जबलपुर की एक फर्म के लंबित बिलों को पास कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। मामले में सीबीआई की कार्रवाई के बाद विभाग में भी हड़कंप मचा है।

बिल क्लियर करने के बदले मांगे 2-2 लाख

सीबीआई के अनुसार, जबलपुर की एक फर्म बीएसएनएल के लिए ऑपरेशन एंड कॉम्प्रिहेंसिव मेंटेनेंस और इलेक्ट्रिकल इंस्टॉलेशन का काम करती है। फर्म ने बीएसएनएल की 14 साइटों पर काम किया था। इन कामों के भुगतान और बिलों के क्लीयरेंस की प्रक्रिया लंबित थी।

आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने बिलों को मंजूरी देने और भुगतान कराने के बदले 2-2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले की जांच शुरू की।

75-75 हजार की पहली किस्त लेते पकड़े गए

सीबीआई ने 27 अगस्त को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया। इसके बाद अधिकारियों को पकड़ने के लिए ट्रैप की योजना बनाई गई। शिकायतकर्ता दोनों अधिकारियों के लिए रिश्वत की पहली किस्त के तौर पर 75-75 हजार रुपए लेकर पहुंचा। रकम लेते ही सीबीआई की टीम ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद मामले से जुड़े दस्तावेज और अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं।

भोपाल समेत तीन शहरों में सर्च जारी

गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की कार्रवाई अभी जारी है। अधिकारियों से जुड़े परिसरों की भोपाल, लखनऊ और कानपुर में तलाशी ली जा रही है। जांच टीम आरोपियों की संपत्ति, निवेश और पुराने रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है।

सीबीआई यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रिश्वत से जुड़े इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। आगे की कार्रवाई तलाशी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।