सतना पुलिस की कार्रवाई : चार दिन बाद पकड़ा जेल से फरार कैदी, चाकू मारकर बाइक जलाने वाले गुंडे धराए
Satna News : जेल में अच्छे आचरण की वजह से 15 बार पैरोल मिली। बीते 6 अक्टूबर को गौशाला व जेल परिसर की सफाई कमान का काम करने के दौरान वह जेल प्रहरियों को चकमा देकर फरार हो गया।
Satna News : सतना। पत्नी की हत्या कर आजीवन कारावास की सजा काट रहा कैदी फरार हो गया था जिसे चार दिन बाद जिला पुलिस की मदद से जेल पुलिस ने मैहर जिले के घुनवारा से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में केन्द्रीय जेल अधीक्षक लीना कोष्ठा ने बताया कि पत्नी की हत्या के जुर्म में अच्छेलाल प्रजापति पिता दसइयां प्रजापति (52 वर्ष) निवासी, पड़क्का नादन टोला, थाना अमरपाटन, जिला मैहर आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। वह जेल में 13 वर्ष से ज्यादा समय से बंद था। वहीं एक अन्य मामले में शराब पीने के लिए रुपए न देने पर युवक के साथ मारपीट कर चाकू से हमला कर बाइक को आग के हवाले करने वाले दो गुंडों को पुलिस ने धर दबोचा।
अच्छे आचरण की वजह से मिली 15 बार पैरोल
जेल में अच्छे आचरण की वजह से 15 बार पैरोल मिली। बीते 6 अक्टूबर को गौशाला व जेल परिसर की सफाई कमान का काम करने के दौरान वह जेल प्रहरियों को चकमा देकर फरार हो गया। कोलगवां थाने में प्रकरण दर्ज कराया गया। फरार कैदी की तलाश के लिए पवई जेल के जेलर अभिमन्यु पांडेय की अगुवाई में विशेष जांच दल गठित किया गया।

अमदरा में होने की मिली सूचना
केन्द्रीय जेल अधीक्षक कोष्ठा (Central Jail Superintendent Koshta) ने बताया कि शनिवार को सूचना मिली कि फरार कैदी मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र में देखा गया है। विशेष जांच दल को वहां तक पहुंचने में काफी वक्त लगता, लिहाजा अमदरा पुलिस की मदद ली गई। अमदरा पुलिस ने फरार कैदी अच्छेलाल को घुनवारा से अपने कब्जे में ले लिया।
जेल पुलिस की विशेष टीम के पहुंचने पर फरार कैदी को उसके हवाले कर दिया गया। फरार कैदी को लेकर जेल पुलिस की विशेष टीम सतना पहुंचकर कोलगवां थाने के सुपुर्द कर दिया। कोलगवां थाना पुलिस के द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
चाकू मारकर बाइक जलाने वाले गुंडे धराए
टीआई कोलगवां सुदीप सोनी ने बताया कि नितिन सिह निवासी हनुमान नगर 2 अक्टूबर की रात 9 बजे के करीब अपने दोस्त को घर छोड़ने के बाद बाइक से अपने घर जा रहा था। संतोषी बिहार कालोनी में तीन युवकों ने जबरिया बाइक रुकवाई।
शराब पीने के लिए एक हजार रुपए की मांग की। रुपए न देने पर मारपीट करते हुए हिस्ट्रीशीटर शुभम पाल ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। अन्य आरोपियों ने लात-घूसों से पीटा। इसके बाद आरोपियों ने नितिन की बाइक एमपी 19जेडए/8650 में आग लगाकर उसका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर प्रकरण दर्ज किया गया।

टीआई सोनी ने बताया कि शुक्रवार की शाम मुखबिर की सूचना पर हिस्ट्रीशीटर शुभम पाल पिता सौखीलाल पाल , निवासी सिद्धार्थ नगर शिव कालोनी और आशीष पटेल पिता छटीलाल पटेल , निवासी सिद्धार्थ नगर को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी शुभम के विरुद्ध हत्या के प्रयास, अड़ीबाजी, गुंडागर्दी, आर्म्स एक्ट के कई प्रकरण पूर्व से दर्ज हैं। एक आरोपी गोलू पाल फरार चल रहा है जिसकी तलाश की जा रही है।

