मऊगंज में चोरों का आतंक अनवरत जारी : नईगढ़ी थाना क्षेत्र के टेढ़ताल में लाखों की चोरी, ग्रामीणों में दहशत
Mauganj Chori News : सुबह जब परिवार ने घर का सामान बिखरा देखा तो घटना का पता चला। पीड़ित द्वारा तत्काल दूरभाष के माध्यम से नईगढ़ी थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया।
मऊगंज जिला क्षेत्र में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम टेढ़ताल गांव का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पार कर दी। घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम टेढ़ताल निवासी अनिल पाठक पिता अंजनी पाठक के घर में चोरी की वारदात हुई है। पीड़ित परिवार के मुताबिक अज्ञात चोरों ने घर के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा नगदी सहित करीब 4 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति लेकर फरार हो गए।

सुबह जब परिवार ने घर का सामान बिखरा देखा तो घटना का पता चला। पीड़ित द्वारा तत्काल दूरभाष के माध्यम से नईगढ़ी थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया। घटनास्थल का मौका मुआयना, साक्ष्य संकलन और पीड़ित परिवार से पूछताछ के बाद ही चोरी की वास्तविक राशि और घटना की परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
इलाके में बढ़ती वारदातों से ग्रामीण चिंतित
मऊगंज जिले में यह घटना कोई पहली नहीं है बल्कि इलाके में पिछले कुछ महीनों में चोरी की एक दर्जन से अधिक वारदातें सामने आ चुकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में हुई कई बड़ी चोरियों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है, जिसके चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र में रात्रि के समय असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। लगातार हो रही इन वारदातों ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त न होने से चोरों को वारदात का मौका मिल रहा है।

ग्रामीणों ने की पुलिस प्रशासन से मांग
नईगढ़ी थाना क्षेत्र के टेढ़ताल सहित आसपास के ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक मऊगंज का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि क्षेत्र में नियमित और सघन रात्रि गश्त बढ़ाई जाए।
टेढ़ताल में हुई वर्तमान चोरी सहित पूर्व की लंबित चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा किया जाए।संदिग्ध और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखकर कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाए।
फिलहाल नईगढ़ी पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर विधि अनुसार कायमी कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी नईगढ़ी निरीक्षक अनिल काकड़े ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना किया गया है मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर कार्यवाही की जाएगी।


