मऊगंज पुलिस की बड़ी कार्यवाही : प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
Mauganj Cough Syrup Seizure : मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की बोलेरो वाहन से अवैध कफ सिरप की खेप बहेराडाबर मार्ग से सीधी जिले की ओर ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उक्त वाहन को रोका।
मऊगंज जिले में नशे के कारोबार पर नकेल कसते हुए मऊगंज पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 356 शीशी प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप कोरेक्स के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से बोलेरो वाहन एवं तीन मोबाइल सहित कुल 9 लाख 1 हजार 734 रुपये का मशरूका जप्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार आईजी रीवा जोन गौरव राजपूत द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी रोकने हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी तारतम्य में डीआईजी हेमंत चौहान के मार्गदर्शन एवं एसपी सुरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम व एसडीओपी सचि पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अजय खोबरागड़े की टीम कस्बा भ्रमण पर थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की बोलेरो वाहन से अवैध कफ सिरप की खेप बहेराडाबर मार्ग से सीधी जिले की ओर ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उक्त वाहन को रोका। पुलिस को देख चालक ने भागने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया।
तलाशी में वाहन से 356 शीशी कोरेक्स बरामद हुई, जिसकी कीमत 71 हजार 734 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी अभिषेक सिंह चौहान पिता पुष्पराज सिंह उम्र 25 वर्ष निवासी बघवाड़ी थाना जमोड़ी जिला सीधी को हिरासत में लिया।
आरोपी के विरुद्ध थाना मऊगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21, 22 एवं ड्रग्स कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 के तहत अपराध कायम करते हुए विधि संगत वैधानिक कार्यवाही की गई। पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध नशे के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।


