Satna Jail Prisoner Release : अदा की गई जुर्माने की राशि, अब मिलेगी बंदी को रिहाई
Satna Jail Prisoner Release : आर्थिक तंगी के चलते निर्धारित दंड से 18 माह ज्यादा रह चुका है जेल में
Satna Jail Prisoner Release : सतना। सेंट्रल जेल में कई बंदी सजा की अवधि पूरी होने के बाद सिर्फ इसलिए रिहा नहीं हो पाते कि उनके पास अर्थदंड का भुगतान करने के लिए पैसे नहीं रहते। ऐसे बंदियों की सहायता के लिए एक बार फिर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सामने आया है, जिसका लाभ हत्या के प्रयास में वर्ष 2020 से सश्रम कारावास भुगत रहे बंदी राजकुमार पुत्र हरछाठी कोल, निवासी गौहारी, थाना रामपुर बाघेलान को मिलने जा रहा है।
जेल अधीक्षक लीना कोष्टा ने बताया कि प्राधिकरण की पहल पर राइजिंग विंध्या वेलफेयर सोसायटी की अध्यक्ष प्रीति सिंह परिहार ने शनिवार को 6 हजार रुपए अर्थदंड का भुगतान चेक के जरिए किया है। इसी के साथ अब बहुत जल्द राजकुमार को रिहा किया जा सकता है।
गौरतलब है कि जुर्माने की रकम जमा नहीं कर पाने के कारण वह दी गई सजा के अतिरिक्त 18 माह जेल में बिता चुका है। इस मौके पर उपजेल अधीक्षक श्रीकांत त्रिपाठी, कल्याण अधिकारी अनिरुद्ध कुमार तिवारी, सहायक जेल अधीक्षक अनिल प्रताप सिंह और संस्था की सदस्य आरुषी सिंह मौजूद रहीं।

