विधिक जागरूकता और बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत मैराथन दौड़ का आयोजन

रीवा में विधिक जागरूकता और बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बिते दिन मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया.

विधिक जागरूकता और बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत मैराथन दौड़ का आयोजन
पब्लिक वाणी

रीवा में विधिक जागरूकता और बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बिते दिन मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम माननीय प्रधान जिला और सत्र न्यायाधीश, अध्यक्ष, रीवा  राकेश मोहन प्रधान के मार्गदर्शन और न्यायाधीश/सचिव समीर कुमार मिश्र के नेतृत्व में संपन्न हुआ. 

मैराथन का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद पार्क से किया गया, जो शिल्पी प्लाजा होते हुए एडीआर भवन तक संपन्न हुई. आयोजन का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना और विधिक साक्षरता के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाना था.

कार्यक्रम में अहिंसा वेलफेयर सोसाइटी और समग्र जन चेतना विकास परिषद ने सक्रिय भागीदारी निभाई.इसी अवसर पर 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत जागरूकता अभियान का भी शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश सुरेंद्र कुमार, न्यायाधीश सुधीर सिंह राठौर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शिवानी पांडे, जिला विधिक अधिकारी अभय कुमार मिश्रा, महिला एवं बाल विकास विभाग से स्वाति श्रीवास्तव, लीगल एंड डिफेंस काउंसिल से सुरेंद्र सिंह, आरती तिवारी, आनंद पांडे, मंसूर अहमद तथा वरिष्ठ अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे. 

मैराथन के उपरांत एडीआर भवन में लॉ कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा पॉक्सो अधिनियम पर आधारित एक लघु नाटिका एवं फोटो एग्ज़िबिशन का आयोजन किया गया. प्रदर्शनी में अहिंसा वेलफेयर सोसाइटी द्वारा बाल विवाह मुक्ति अभियान तथा वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया द्वारा गिद्ध संरक्षण हेतु किए जा रहे प्रयासों को प्रदर्शित किया गया.

कार्यक्रम के समापन पर माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश राकेश मोहन प्रधान ने ऐसे आयोजनों को सामाजिक जागरूकता का प्रभावी माध्यम बताया. वहीं, सचिव समीर कुमार मिश्र ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया.