स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26: इंदौर में तैयारियां तेज, स्वच्छता गीत और स्वच्छ वार्ड रैंकिंग लॉन्च
देश में स्वच्छता सर्वेक्षण 2025–26 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में इंदौर में स्वच्छता अभियान को नई गति देने के उद्देश्य से स्वच्छता गीत 2025–26 का भव्य शुभारंभ किया गया।
इंदौर। देश में स्वच्छता सर्वेक्षण 2025–26 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी लगातार 8 बार से नंबर 1 पर आ रहे इंदौर में मंगलवार को स्वच्छता अभियान को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से स्वच्छता गीत 2025–26 का भव्य शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही स्वच्छ वार्ड रैंकिंग प्रतियोगिता, स्वच्छता चैंपियन सम्मान समारोह और सफाईमित्र सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम “बढ़ा हाथ–करें सफाई साथ” अभियान के अंतर्गत नगर निगम ने रविंद्र नाट्यगृह में आयोजित किया। जिसमें केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम मंत्री डॉ. मनसुख लक्ष्मणभाई मांडविया, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में सफाईमित्र मौजूद रहे।
स्वच्छ इंदौर, प्रेरक इंदौर!
— Dr Mansukh Mandaviya (@mansukhmandviya) February 10, 2026
आज इंदौर नगर निगम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता गीत का शुभारंभ और सफ़ाईमित्रों व स्वच्छता चैंपियंस का सम्मान किया।
प्रधानमंत्री श्री @NarendraModi जी के स्वच्छ भारत अभियान से प्रेरित होकर इंदौर ने जनभागीदारी, अनुशासन और नवाचार के बल पर देश को… pic.twitter.com/rLAXx6znB2
स्वच्छता गीत 2025–26 के लोकार्पण से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत स्वच्छता गीत 2025–26 के लोकार्पण से हुई, जिसे स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता और सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इस गीत के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता को एक अभियान ही नहीं, बल्कि जीवन का संस्कार बनाने का संदेश दिया गया। साथ ही शहर के सभी वार्डों के बीच स्वच्छता को लेकर प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के लिए स्वच्छ वार्ड रैंकिंग 2025–26 की भी औपचारिक शुरुआत की गई।

इस अवसर पर स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता चैंपियनों और नगर निगम के 22 जोनल कार्यालयों के चयनित सफाईमित्रों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर सफाईमित्रों के चेहरे पर गर्व और उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान सफाईमित्रों ने स्वच्छता से जुड़े गीतों की प्रस्तुति भी दी, जिसने आयोजन को भावनात्मक और प्रेरणादायी बना दिया।
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और महापौर पुष्यमित्र भार्गव का संबोधन
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने अपने संबोधन में कहा कि इंदौर आकर उन्हें विशेष खुशी होती है, क्योंकि यह शहर पूरे देश में स्वच्छता का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने कहा कि इंदौर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहा है। इंदौर ने 8 बार देश में स्वच्छता का शीर्ष स्थान हासिल कर यह साबित कर दिया है कि जब नागरिक, प्रशासन और जनप्रतिनिधि एक संकल्प के साथ काम करते हैं, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। मंत्री ने कहा, स्वच्छता एक संस्कार है। जब कोई शहर स्वच्छता का गुरु बनता है, तो उसकी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। इंदौर आज पूरे देश को स्वच्छता का संदेश दे रहा है।

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि इंदौर केवल खुद नंबर वन बनने तक सीमित नहीं है, बल्कि अब अन्य शहरों को भी स्वच्छता में आगे बढ़ाने का दायित्व निभा रहा है। उन्होंने कहा कि 8 बार नंबर वन रह चुका इंदौर अब 9वीं बार भी देश का सबसे स्वच्छ शहर बनने की पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतर रहा है। महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन की जो कल्पना की थी, उसे सही मायनों में साकार करने का काम इंदौर ने किया है। इस बार इंदौर के साथ-साथ देपालपुर को भी स्वच्छता अभियान में शामिल कर उसे भी स्वच्छता में अग्रणी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
वहीं, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने मीडिया से चर्चा में बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2025–26 के नए मापदंडों के अनुसार शहर में तैयारियों को और तेज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्वच्छता टूल किट में कई बदलाव किए गए हैं, जिनके अनुरूप अधिकारियों और सफाईमित्रों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आयुक्त ने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और निगम कर्मचारियों से आह्वान किया कि सभी मिलकर स्वच्छता को और बेहतर बनाने के लिए जुट जाएं। उन्होंने कहा कि इंदौर स्वच्छता लीग में है और अब उसकी जिम्मेदारी अन्य शहरों की रैंकिंग सुधारने की भी है, जिसमें देपालपुर को शामिल किया गया है।
Varsha Shrivastava 
