रायपुर में लागू हुआ पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम, संजीव शुक्ला बने पहले पुलिस कमिश्नर

छत्तीसगढ़ सरकार ने राजधानी रायपुर की पुलिस व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। गृह (पुलिस) विभाग ने रायपुर शहर में पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू करने की अधिसूचना जारी कर दी है।

रायपुर में लागू हुआ पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम, संजीव शुक्ला बने पहले पुलिस कमिश्नर

रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने राजधानी रायपुर की पुलिस व्यवस्था में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। गृह (पुलिस) विभाग ने रायपुर शहर में पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू करने की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत अब शहर और ग्रामीण इलाकों की पुलिस व्यवस्था पूरी तरह अलग-अलग होगी।

नई व्यवस्था के अनुसार संजीव शुक्ला को रायपुर का पहला पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वे आईजीपी रैंक के अधिकारी हैं और उनके अधीन रायपुर अर्बन पुलिस जिला काम करेगा। शहर के कुल 21 थानों को कमिश्नरेट सिस्टम में शामिल किया गया है, जिनमें सिविल लाइन, कोतवाली, तेलीबांधा, गंज, मौदहापारा, गोलबाजार, पुरानी बस्ती, पंडरी, टिकरापारा, आजाद चौक, डीडीनगर, सरस्वती नगर, आमानाका, कबीर नगर, राजेंद्र नगर, गुढ़ियारी, खमतराई, खम्हारीडीह, मुजगहन, उरला (नगर निगम क्षेत्र) और बिरगांव क्षेत्र शामिल हैं। इन थानों को सेंट्रल, वेस्ट और नॉर्थ जोन में विभाजित किया गया है।

वहीं, रायपुर के ग्रामीण और बाहरी क्षेत्र को अलग पुलिस जिले के रूप में रखा गया है, जिसे रायपुर रूरल पुलिस जिला नाम दिया गया है। इसमें विधानसभा, धरसींवा, खरोरा, तिल्दा नेवरा, माना, मंदिर हसौद, आरंग, नवा रायपुर, राखी, अभनपुर, गोबरा नवापारा और उरला का नगर निगम से बाहर का क्षेत्र शामिल है। इन 12 थानों की जिम्मेदारी एक अलग पुलिस अधीक्षक (SP) को सौंपी गई है।

इस बदलाव के साथ रायपुर शहर में अब पारंपरिक एसपी सिस्टम समाप्त हो गया है और शहरी क्षेत्र में कमिश्नरेट सिस्टम के तहत पुलिस कार्य करेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पिछले वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर इस व्यवस्था को लागू करने की घोषणा की थी, जिसे अब अमल में लाया गया है।

सरकार का मानना है कि इस नई प्रणाली से कानून व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी और प्रशासनिक फैसले तेजी से लिए जा सकेंगे।